जिला अस्पताल, सीएचसी में 7 डॉक्टरों की पदस्थापना, शासन ने जारी किया आदेश

सुमंत गांगुली | खड़गवां 


लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे एमसीबी व कोरिया जिले में एक साथ सात विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना की जा रही है। इस संबंध में शासन स्तर से आदेश जारी हो चुका हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए डॉक्टर्स भेजे जा रहे हैं।


इन डॉक्टरों के मिल जाने से जिले वासियों को उपचार के लिए बड़ी सुविधा मिलेगी। अब तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी की वजह से कोरिया, एमसीबी के मरीजों को अंबिकापुर या बिलासपुर, रापुर की दौड़ लगानी पड़ती थी। इस दौड़ को खत्म करने की दिशा में यह एक बड़ी पहल है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जारी किए गए आदेश में निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ कलिन्दर सिंह पैक्रो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरमिरी, ई एण्ड टी विशेषज्ञ डॉ अनिल मोकासदार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ पूजा प्रजापति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़, एमडी मेडिसिन डॉ शीतल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरमिरी, श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ केदारनाथ देवांगन जिला अस्पताल कोरिया, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ दीपांकर साहू जिला अस्पताल कोरिया, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ बेबी प्रज्ञा श्री ओझा की पदस्थापना जिले में की गई है। 


गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पदभार सम्हालने के तत्काल बाद जिले की स्वास्थ्य सेवा में आमूल चूल सुधार लाने की दिशा में गंभीरता से प्रयास शुरू कर दिया है। इसी का नतीजा है कि विधानसभा चुनाव के 8 माह के अंदर ही जिले में 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना संभव हो सकी है।


स्थानीय लोगों की लंबे समय से ये मांग थी कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति हो। विधायक बनने के बाद श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से वादा किया था कि वो उनकी इस अति आवश्यक मांग को जरूर और जल्द पूरा करेंगे। इस वादे को पूरा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र में निश्चेतना विशेषज्ञ, ई एन टी विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ और एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ की पदस्थापना की है।





To Top