कोरिया जिले में स्वास्थ्य विभाग हमेशा सुर्खियों में रहता है। पहले सीएमएचओ कार्यालय सुखियों में रहता था और अब जिला अस्पताल भी धीरे-धीरे सुर्खियों में आने लगा है। नए सिविल सर्जन के कार्यभार संभालने के पहले दिन ही एक आदेश निकला है जिसमें इंजेक्शन रूम की दो स्टाफ नर्स के लिए ड्यूटी का समय सिर्फ चार घंटे तय किया गया है। यानी सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक ही नर्स अस्पताल रहेंगे और सेकंड टाइम ड्यूटी नहीं करेंगी।
सेकंड टाइम दोनों नर्स की जगह पर ड्यूटी करने के लिए दूसरे वार्ड के नर्सिंग स्टॉफ की ड्यूटी लगाई गई है। नए सिविल सर्जन के कार्यभार ग्रहण करने के पहले दिन ही यह आदेश निकाला गया है। अस्पताल स्टाफ में यह चर्चा है कि जिला अस्पताल के अस्तित्व में आने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जिसमें सिर्फ दो नर्स को पूरी ड्यूटी करने से बचाने के लिए नया आदेश निकाला गया है लेकिन अब देखना यह है कि मामला प्रकाश में आने के बाद जिले के संबंधित उच्चाधिकारियों द्वारा इस आदेश का खुला समर्थन किया जाएगा या सुधार किया जाएगा।

