कॉलेज में नया ऑडिटोरियम भवन व अन्य सुविधाओं का विस्तार करेंगे : मंत्री


शासकीय लाहिड़ी पीजी कॉलेज चिरमिरी का वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। प्राचार्य डॉ. राम किंकर पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को मुख्य अतिथि के रूप में पाकर महाविद्यालय गौरवान्वित महसूस कर रहा है। 




इस अवसर पर प्राचार्य डॉ पाण्डेय ने महाविद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं खेलकूद, अकादमिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता कर रहे हैं।‌ मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह महाविद्यालय मेरी मातृसंस्था है, यहीं से पढ़कर मैं आज जीवन में कुछ बन सका हूं। 



स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने महाविद्यालय में नया ऑडिटोरियम भवन के निर्माण सहित अन्य सुविधाओं के विस्तार की घोषणा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने जीवन के लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।‌ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो. भागवत प्रसाद दूबे ने कहा कि महाविद्यालय का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। उस इतिहास को सुरक्षित रखते हुए आगे बढ़ाना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महाविद्यालय में हो रही विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी सुभाषचन्द्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए नृत्य प्रस्तुत किए। 



आयोजन को सफल बनाने में डॉ. रजनी सेठिया, सुभाष चन्द्र चतुर्वेदी, डॉ. राज किशोर सिंह बघेल, जय सिंह सारस्वत, डॉ. प्रदीप सिंह, विरेन्द्र कुमार, प्रेमा कुजूर, विकास खटिक, डॉ. उमाशंकर मिश्र, भागवत प्रसाद जांगड़े, गिरीश दास, डॉ. राम नारायण पनिका, अनुराधा सहारिया, विजय बघेल, विमलेश, सौमित्र, फयाजुल मुस्तफा, मोहिनी राठौर, मंजीत सिंह, रश्मिता खुंटिया, अंकिता जायसवाल, आयुषी राय, प्रियंबदा शुक्ला, ज्ञानेंद्र ने सहयोग किया। संचालन प्रिंस कुमार सिंह और दुर्गेश चतुर्वेदी ने किया।



To Top