न्योता देने ससुराल पहुंचे दामाद ने की ससुर की हत्या, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

पुलिस गिरफ्त में हत्या का आरोपी 


दामाद ने खाट के प्लास्टिक निवार से ससुर का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद तालाब में स्नान कर बड़सरा मंदिर में भगवान को नारियल चढ़ाकर पुलिस से न पकड़े जाने की प्रार्थना की, लेकिन पुलिस की सूझबूझ से आरोपी 24 घंटे के भीतर ही पकड़ा गया। 


मामला कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेंगनी का है। प्रेसवार्ता में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि बेटी के पसनी कार्यक्रम का न्योता लेकर घर पहुंचे दामाद को उसका ससुर लकड़ी चोर कहकर अपमानित करने लगा और आवेश में आकर युवक ने ससुर की हत्या कर दी। जांच में हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है।


जिला मुख्यालय के पुलिस कांफ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीओपी कविता ठाकुर ने कहा कि घटना बीते एक मार्च शाम 4 से 5 बजे के बीच की है। थाना पटना क्षेत्र के ग्राम टेंगनी में 50 वर्षीय संतलाल की मौत पर पुलिस मर्ग कायम कर शव का पंचनामा व पीएम कार्रवाई कर रही थी। जांच में हत्या प्रमाणित होने पर घटना की जानकारी एसपी कोरिया को दी गई। एसपी ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस पर थाना पटना में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की पतासाजी शुरू की गई। 

इस दौरान पूछताछ में पुलिस को मालूम चला कि सूरजपुर भैयाथान के ग्राम झंझरीपारा का 24 वर्षीय पवन अपनी बेटी के पसनी कार्यक्रम का न्योता देने ग्राम टेंगनी जूनापारा में ससुर संतलाल के घर गया था। संतलाल अपने दामाद पवन को लकड़ी चोर कहने लगा। इस पर आवेश में आकर आरोपी संतलाल से झगड़ा करने लगा। सास धनमेत बाई के मना करने उसे घर से बाहर निकालकर घर का दरवाजा बंद कर दिया और घर के अंदर रखे टूटे खाट के प्लास्टिक के निवार को निकालकर संतलाल के गले में लपेटकर खींचकर उसकी हत्या कर दी और मौके से भाग गया। पुलिस ने बताया कि संतलाल ने इससे पहले भी पवन को घर की लकड़ी बिना बताए चोरी कर ले जाने का आरोप लगाकर अपमानित करते हुए भगा दिया था।

दामाद को बचाने झूठ बोलती रही सास  

एसडीओपी कविता ठाकुर ने बताया कि शुरुआत में आरोपी की सास धनमेत बाई ने अपने दामाद को बचाने का काफी प्रयास किया। वहीं आरोपी पवन का साथी योगेश भी आरोपी की बनाई गई झूठी कहानी को बताता रहा, लेकिन पुलिस पूछताछ में उसने घटना की वास्तविक जानकारी पुलिस को दी, जिससे हत्या का खुलासा हुआ। प्रेसवार्ता में पटना थाना प्रभारी निरीक्षक शीतल सिदार, सहायक उप निरीक्षक लवांग सिंह, प्रधान आरक्षक अमित त्रिपाठी, मनोज मिंज, आरक्षक अमल कुजूर व अन्य मौजूद रहे।


To Top