विकासखंड खड़गवां के एकलव्य आवासीय विद्यालय पोंडीडीह खड़गवां में 16 मार्च को रसोइयों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। विकासखंड खड़गवां अंतर्गत सभी प्राथमिक शाला व माध्यमिक शालाओं में मध्यान भोजन पकाने का कार्य करने वाले रसोइयों के लिए आयोजित प्रशिक्षण की अध्यक्षता विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलविंदर सिंह ने की। प्रशिक्षण में विकासखंड के 193 प्राथमिक शाला व 84 माध्यमिक शालाओं के कुल 556 रसोइयों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण सह कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी सिंह ने रसोइयों को विद्यालय में साफ सुथरा व पौष्टिक भोजन देने के संबंध में उपयोगी बिंदुओं की जानकारी दी। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय पांडे ने कहा कि शालाओं में किसी भी परिस्थिति में मध्यान भोजन वितरण अवरुद्ध न हो यह सुनिश्चित करें।
विकासखंड स्त्रोत समन्वयक ओम शंकर पैकरा ने समस्त रसोइयों का मातृत्व व्यवहार करते हुए विद्यालय के बच्चों को बेहतर भोजन व संरक्षण का माहौल उपलब्ध कराने के सुझाव दिए। प्रशिक्षक मुकुंद देव पांडे, जय प्रताप, संतोष शर्मा शैक्षिक समन्वयक ने प्रतिभागियों को विद्यालय में मध्यान भोजन, खाद्यान्न भंडारण व रखरखाव, किचन शेड की साफ सफाई और व्यवस्था कैसी हो, भोजन पकाने से लेकर वितरण के दौरान कौन-कौन सी सावधानियां बरती जाएं इन पर चर्चा की। साथ ही प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के महत्व व इसके संचालन के संबंध में जानकारी देते हुए यह बताया गया कि यह शासन की महत्वपूर्ण योजना है इसका संबंध सीधे बच्चों से है यदि यह कार्यक्रम बाधित होता है तो इसका प्रतिकूल असर बच्चों के पठन-पाठन गतिविधियों पर पड़ता है इसलिए पूर्ण सावधानी व सतर्कता के साथ इसका संचालन किया जाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। प्रशिक्षण की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी घनश्याम पांडे मध्यान भोजन ऑपरेटर की थी।


