ताला तोड़ दुकान में घुसे चोर, 25 हजार नकद व Mazza बॉटल ले गए

अंकित अग्रवाल | चरचा कॉलरी 


कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र में बुधवार रात चोरों ने किराना दुकान में घुसकर 25 हजार नकद रुपए की चोरी की। पुलिस के अनुसार चरचा कॉलरी मुख्य मार्ग पर स्थित अरिहंत स्टोर में बुधवार रात चोरों ने दुकान के ऊपर लगी लोहे की खिड़की का ताला तोड़ दिया और नकद रकम चोरी कर फरार हो गए।


दुकान संचालक सुजय बैद सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा की खिड़की का दरवाजा खुला है जिसकी जानकारी बड़े भाई आशीष बैध को दी। इसके बाद आशीष थाना पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी अनिल किण्डो घटना स्थल पर स्टॉफ समेत पहुंचे और उच्च अधिकारी को जानकारी दी। दुकान संचालक के अनुसार दराज में 25 हजार रुपए नकद रखे थे, चाभी नीचे दराज में रखा था। चोर रुपए नकद के साथ एक माजा की बॉटल चुराकर ले गए और खाली बॉटल छत पर फेंक दिया। वहीं चोरों ने एक डिब्बा माचिस जलाकर तीलियां दुकान में छोड़ दी। जहां चोरी हुई है वह मेन मार्केट है, इससे पहले भी यहां कई बार चोरी हो चुकी है। 




To Top