कोयला खदानों से हथियार बंद बदमाश कर रहे चोरी व लूट, SECL की सुरक्षा व्यवस्था फेल


सईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के कोयला खदानों में इन दिनों बड़े स्तर पर कोयला, लोहा, कबाड़ व केबल की चोरी हो रही है। जहां एक ओर माफिया ग्रामीणों को माध्यम बनाकर खदानों से कोयला की चोरी करवा रहे हैं। वहीं चिरमिरी के कबाड़ चोरों का गिराेह लगातार बड़ी चोरियों को अंजाम दे रहा है। एसईसीएल चरचा खदान क्षेत्र से रोज सैकड़ों ग्रामीण कोयला चोरी कर कोल माफियाओं को बेच रहे हैं। माफियाओं द्वारा ग्रामीणों से चरचा छठ घाट, सीएचपी साइडिंग से पिकअप, सायकल व दो पहिया वाहनों से कोयला चोरी करवाया जा रहा है जिसे जिले के इट्टे भट्ठों में  ले जाकर बेचा जा रहा है। 




बड़े पैमाने पर चल रहे कोयला चोरी के खेल में कई स्थानीय माफिया भी शामिल हैं। कोयला खदानों में आए दिन चोर गिराहों के द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। कुछ दिन पहले ही चरचा वेस्ट पावर हाउस में नाईट शिफ्ट में ड्यूटी पर रहे बिजली कर्मचारियों के साथ 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर व कर्मियों को बंधक बनाकर मोबाइल सहित पावर हाउस में लगे 4/40 केबल काट कर ले गए। वहीं वेस्ट खदान के पंखा घर के पास भी चोरों ने कर्मचारियाें के साथ मारपीट कर सामान की लूटपाट की है। इसी तरह चरचा ईस्ट के 91वें पैनल में शुक्रवार और शनिवार की रात 6-7 हथियार बंद बदमाशों ने खदान के भीतर घूसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर चोरी और लूट को अंजाम दिया जा गया है। पंप स्टेशन में भी कर्मचारियों को डरा धमकाकर रुपए लूटने की कोशिश की गई है। पंप कर्मचारी के पास 20 रुपए थे, उसे भी बदमाश लूट कर ले गए साथ ही खदान से करीब 4-5 किमी लंबे तांबे के तार को काट कर ले गए हैं। बीते कई महीनों से कबाड़ चोर गिराहों के द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है पर एसईसीएल प्रबंधन या पुलिस चोरी की घटना पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रहा है और एसईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। 


फोटो/कंटेंट : अंकित अग्रवाल 

To Top