शादी-पार्टी, होटल व घरों में खाना खाने के दौरान लोग थाली में दाल-चावल या सब्जी यूं ही बेकार छोड़ देते हैं। महंगाई के दौर में खाने की ऐसी बर्बादी अच्छी बात नहीं है। लिहाजा शहर के एक होटल मालिक ने अच्छी पहल की है। ग्राहकों के लिए निर्देश जारी किया है कि अगर कोई ग्राहक अपनी थाली में खाना छोड़ेगा तो उसे 50 रुपए का जुर्माना देना होगा।
होटल संचालक ने कहा- लोग खाना लेकर बर्बाद न करें, इसलिए बनाया नियम
सुनने में यह अटपटा लगे, लेकिन महलपारा तिराहे पर चल रही मारवाड़ी भोजनालय में यह नियम लागू है। यह सिस्टम शुरू होने के बाद अब यहां डस्टबिन में नाम मात्र की जूठन बच रही है। मतलब साफ है कि जब आप होटल में जाएं तो अपनी जरूरत के हिसाब से ही ऑर्डर करें। यहां 100 रुपए में पेट भर खाना मिलता है। होटल में जगह-जगह सूचना चस्पा कर लिख दिया गया है कि थाली में जूठन छोड़ने वालों को 50 रुपए जुर्माना देना होगा। होटल संचालक मनमोहन जोशी ने बताया लोग जरूरत से ज्यादा खाना लेकर जूठन न छोड़े और खाने की बर्बादी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने होटल में ऐसा नियम बनाया है।
हर माह 2-3 ग्राहक जुर्माना भर ले रहे सबक
संचालक मनमोहन ने कहा कि ऐसे ग्राहक जिन्होंने थाली में खाना जूठा छोड़ दिया है, वह जुर्माना मांगने पर पहले तो वह बहस करने लगे, लेकिन जब उन्हें थाली में खाना बर्बाद होने का नुकसान बताया गया तो ग्राहकों ने जुर्माना भी भरा और सीख भी ली कि थाली में खाना नहीं छोडेंगे। जुर्माने की राशि गौशाला के डिब्बे में डलवाते हैं, ताकि गौ-सेवा के लिए देते हैं।


