आदिवासी युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रयास व स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाज में बरती गई लापरवाही के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस व सर्व आदिवासी समाज के बैनर तले जिला मुख्यालय प्रेमाबाग में 29 फरवरी को पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए धरना प्रदर्शन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि आदिवासी युवती के साथ हुई घटना व धरना प्रदर्शन के संबंध में कोरिया कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर युवती को न्याय दिलाने की मांग की गई है।
जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने यह भी बताया कि युवती बचरापोड़ी क्षेत्र की है। गांव के 2 युवकों ने दुर्गा पूजा दिखाने के बहाने युवती को जंगल में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया और जान से मारने के लिए तेजाब डालकर फरार हो गए। घटना से युवती बेहोश हो गई, होश आने पर जंगल से बाहर आई और घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज में लापरवाही बरतते हुए उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया, जिस वजह से पीड़ित युवती अपने घर में इस समय जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है। 3 महीना बीतने को है पर युवती को न्याय नहीं मिल पाया है।

