छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने झुमका जल महोत्सव का शुभारंभ किया। सीएम ने कश्मीर के डल झील की तर्ज पर झुमका बांध में 5 शिकारा बोट का उद्घाटन किया। वहीं कोरिया वासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए व विधायक भइयालाल राजवाड़े की मांग पर मंच से ही झुमका और सोनहत के घनघुट्टा डैम को पर्यटन केन्द्र बनाने की घोषणा की।
सीएम ने शिकारा का उद्घाटन कर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भइयालाल राजवाड़े के साथ बोट की सवारी का भी आनंद लिया। सीएम गुरूवार दोपहर 2 बजे कोरिया पहुंचे थे। वे करीब 2 घंटे जिले में रहे और दोपहर 4 बजे कोरिया से रायपुर के लिए रवाना हो गए। महोत्सव में सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास करते हुए सम्पूर्ण सरगुजा संभाग का नेतृत्व सौंपने के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
सीएम ने कहा कि आप सभी ने मोदी की गारंटी पर भरोसा कर हमारी सरकार बनाई है, इसके लिए हम आप सभी के आभारी हैं। सीएम साय ने कहा कि मैंने हेलिकाप्टर से देखा कि आपका जिला बहुत सुंदर है, उतने ही सुंदर यहां के लोग हैं। मैं यहां आया हूं तो माताओं-बहनों के लिए खुशखबरी भी लाया हूं, हमने कैबिनेट में महतारी वंदन योजना के तहत विवाहित माताओं-बहनों को 12 हजार रुपए प्रतिवर्ष देने का निर्णय ले लिया है।
दूसरी खुशखबरी बताते हुए सीएम ने कहा कि अब तेंदुपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए प्रति मानक की दर से भुगतान किया जाएगा। मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में हम सब लगातार काम कर रहे हैं। हमने सरकार बनने के दूसरे दिन ही 14 दिसंबर की कैबिनेट में 18 लाख से अधिक आवासहीन परिवारों के मकानों को स्वीकृति दी। युवाओं के साथ हुए अन्याय का न्याय हो सके इसलिए हमने पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। सीएम ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के हिस्सा बनते हुए खुशी जाहिर की।
नालंदा परिसर खुलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह राजधानी रायपुर में नालंदा परिसर खुला है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक ऐसे वातावरण तैयार की गई है यहां पढ़ाई की हर सुविधा है, उसी तर्ज पर कोरिया जिले में नालंदा परिसर खोला जाएगा। इससे पहले महोत्सव में बैकुंठपुर विधायक भइयालाल राजवाड़े ने मुख्यमंत्री से विभिन्न विकास कार्यों की मांग की।
विधायक राजवाड़े ने कोरिया को संभाग बनाने, बीएड कॉलेज खोलने की मांग की। विधायक राजवाड़े ने कहा कि हमारा कोरिया जिला बहुत पीछे हो गया है। यहां पर्यटन के लिए एकमात्र झुमका ही शेष रह गया है। पर्यटन को बढ़ावा देंगे तो तभी कोरिया आगे बढ़ेगा। विधायक ने जिले में नालंदा परिसर, बैकुंठपुर में केंद्रीय विद्यालय की मांग की। शासकीय रामानुज पीजी कॉलेज में एमएससी, गणित व भौतिक शास्त्र संकाय शुरू करने, मैरिज हॉल, शहर की सड़क चौड़ीकरण व अन्य विकास कार्यों को लेकर सीएम से मांग की।
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण व चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति को गौरवान्वित करने वाला पल कहा। बैकुंठपुर विधायक भइयालाल राजवाड़े के एम्स की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि इसका प्रस्ताव बनाकर दिल्ली भेजेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरिया जिला अस्पताल को हाइटेक बनाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि झुमका से न केवल पर्यटन बल्कि रोजगार भी बढ़ेगा। झुमका जलाशय दशकों से लोगों के खेतों में पानी देने का काम कर रही है। यहां पर्यटन की दृष्टि से गुरूदास राष्ट्रीय उद्यान है जो झुमका से लगा हुआ है। यह टूरिज्म के लिए बड़ा हब बन सकता है। बांधवगढ़ की तर्ज पर झुमका में पर्यटकों के ठहरने के लिए व्यवस्था की जा सकती है।
जिला प्रशासन कोरिया द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भगवान श्रीराम की तस्वीर व झुमका महोत्सव का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। वहीं महोत्सव में केंद्रीय विद्यालय की छात्रा सेजल अग्रहरि ने मुख्यमंत्री को उनकी पेंटिंग भेंट की। कार्यक्रम से पहले सीएम ने झुमका जल महोत्सव 2024 के अवसर पर लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया।
सीएम ने पीएम आवास के हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी। आदिवासी विकास विभाग के माध्यम से पण्डो हितग्राही गुलाब, सूरज, दशरथ कलावती व मनमती को वन अधिकार मान्यता पत्र दिया। इसके साथ सक्षम योजना अंतर्गत अर्चना यादव, उर्मिला राजवाड़े, सोनकुंवर, पूजा राठौर को 80 हजार व अन्य को 1.20 लाख रुपए का चेक दिया। किसान भरत, मानकुंवर, डिगावन सिंह को मिट्टी परीक्षण के लिए हेल्थ कार्ड व पम्प वितरित किया। ग्राम ओड़गी के सुखमनिया, चंद्रकली, सूती, रामनारायण और टारजन राजवाड़े को 5-5 लाख का चेक प्रदान किया। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से बेलाबाई पति वैसाखु को दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना अंतर्गत एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक मुख्यमंत्री ने प्रदान किया।
![]() |
| महोत्सव में श्रीराम दरबार झांकी की प्रस्तुति देते कलाकार |
सीएम ने रामायण आधारित चित्रकला प्रदर्शनी का फीता काटकर अनावरण किया। प्रदर्शनी में कक्षा 5वीं से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की मनभावना चित्रकला अपने-अपने अनुभव के आधार पर तैयार कर प्रदर्शनी में लगाई थी। मुख्यमंत्री बच्चों की प्रतिभा को देखकर गदगद हुए और बच्चों की हौसला आफजाई करते हुए कहा जिस कार्य में रूचि हो उस कार्य में डूब जाओ और खूब मेहनत करो, तब-तक करो जब-तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो।
कार्यक्रम की शुरूआत सीएम ने 58 करोड़ रुपए के भूमिपूजन और 16 करोड़ रुपए के लोकार्पण कार्य के साथ किया। इस अवसर पर कलेक्टर कोरिया विनय कुमार लंगेह ने झुमका जलाशय के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह अंचल पर्यटन की दृष्टि से बड़ा महत्व है। ऐसे में झुमका महोत्सव कराने के पीछे, जल संरक्षण और प्रकृति की अनमनोल धरा को संजोने और संवारने की पहल करना ही जिला प्रशासन का मुख्य दायित्व है।
![]() |
| सीएम का स्वागत करते हुए कलेक्टर कोरिया |
![]() |
| सीएम का स्वागत करते हुए एसपी कोरिया |
कलेक्टर कोरिया ने कहा कि जिले में पर्यटन विकास के लिए झुमका जल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में बिहान मेला, पेंटिंग प्रतियोगिता, शासकीय योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। स्थानीय कलाकारों के साथ बॉलीवुड ग्रुप प्रस्तुति देंगे। आने वाले समय में हाउस बोट व अन्य विकास कार्य 6 महीने के भीतर पूरे किये जाएंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह, जनपद अध्यक्ष बैकुंठपुर सौभाग्यवती सिंह, जनपद अध्यक्ष सोनहत लल्ली सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष बैकुंठपुर नविता शिवहरे, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष शिवपुर-चरचा लालमुनि यादव, जनसम्पर्क आयुक्त मंयक श्रीवास्तव, सरगुजा संभागायुक्त जी आर चुरेन्द्र, सरगुजा आईजी अंकित गर्ग, एसपी त्रिलोक बंसल, सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी शामिल रहे।












