छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही रेल लाइन के लिए 120 करोड़ मंजूर

सुमंत गांगुली | खड़गवां 


भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक रीत जैन ने बजट में चिरमिरी नागपुर हॉल्ट रेल लाइन निर्माण के लिए 120 करोड़ रुपए की स्वीकृति दिलाने के लिए क्षेत्र के विधायक और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास के लिए प्रतिबद्ध छत्तीसगढ़ सरकार का मूलमंत्र ज्ञान पर केंद्रित है।


गरीब, युवा, अन्नदाता किसान, नारी का विशेष ध्यान रखते हुए यह बजट बनाया गया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने बजट में न कोई नया कर और न ही करो की दरों में कोई वृद्धि की है। बजट कुल 1 करोड़ 47 हजार पांच सौ करोड़ का पेश किया गया। पिछले साल की तुलना में बजट 22% अधिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करता हुआ सभी मापदंडों पर खरा उतरता हुआ बजट है।


रीत ने बजट में चिरमिरी नागपुर हाल्ट रेल लाइन निर्माण के लिए राज्यांश की लंबित राशि 120 करोड़ रुपए की मंजूरी दिलाने के लिए विधायक श्याम बिहारी जायसवाल का मनेंद्रगढ़ विधानसभा के जनमानस की ओर से आभार व्यक्त करते कहा कि उनके भागीरथी और सार्थक प्रयास से यह मंजूरी मिल पाई है। 2018 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने केंद्र सरकार के साथ एमओयू के तहत रेल लाइन का भूमि पूजन किया था, लेकिन राज्य में सरकार के बदलते ही कांग्रेस सरकार ने राज्यांश की राशि जारी नहीं की, जिस कारण इस महत्वपूर्ण रेल लाइन निर्माण कार्य लंबित रह गया।


प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पहले बजट में ही राशि की मंजूरी मिली और आज पूरे चिरमिरी शहरवासियों में हर्ष है, इसके साथ ही खड़गवां में कृषि महाविद्यालय की घोषणा मिल का पत्थर साबित होगी। 200 बिस्तर के अस्पताल की स्वीकृति भी बजट में मिली है जो पूरे विधानसभा की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने में अहम भूमिका रहेगी। एमसीबी जिले में 100 बिस्तरीय मातृ-शिशु अस्पताल से क्षेत्र की माताएं और शिशुओं को अच्छी चिकित्सा सुविधा मिल पाएगी। 


खड़गवां पीएचसी अपग्रेड होकर सीएचसी बनेगा, मनेंद्रगढ़ में जिला आयुर्वेद कार्यालय व कोरिया में आयुर्वेद औषधालय खुलेगा, साथ ही कोरिया जिला अस्पताल मॉडल व हाइटेक बनाने की बजट में मंजूरी मिली है। मोदी की 11 गारंटी पूरी हुई है, 8369 करोड़ रुपए पीएम आवास योजना, 3000 करोड़ रुपए महतारी वंदन योजना, 10 हजार करोड़ रुपए किसान उन्नति योजना, 4500 करोड़ रुपए जल जीवन मिशन, 500 करोड़ रुपए भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, 35 करोड़ रुपए रामलला दर्शन योजना, 5 करोड़ रुपए राजधानी क्षेत्र का विकास, 5 करोड़ रुपए इवेंट छत्तीसगढ़ के आयोजन, 5 करोड़ रुपए उद्यम क्रांति योजना के लिए, 5500 प्रति बोरा तेंदुपत्ता संग्राहकों को, 22 सहरो में नालंदा जैसी लाइब्रेरी खुलेगी, जवानों को इस्पाइक बूट मिलेंगे, ग्राम पंचायतों में महिला सदन योजना, मुख्यमंत्री जन पर्यटन योजना साथ ही युवाओं को हर साल युवा रत्न सम्मान मिलेगा। 


यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास को नई रफ्तार देगी, यह छत्तीसगढ़ के लोगों के सपनों को साकार करने वाला बजट है। यह प्रदेश के विकास का एक रोड मैप है, जिससे छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में खड़ा हो सकेगा। बजट में कई ऐसे प्रावधान है, जो विकास को तेज गति देंगे। यह बजट सभी वर्गों के समावेशी विकास के साथ ही विकसित छत्तीसगढ़ के सपनों को साकार करने वाला है। 


पांच शक्तिपीठों के लिए 5 करोड़ रुपए का प्रावधान स्वागतेय है, एम्स की तर्ज पर मेडिकल कॉलेज में मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएगी। विष्णु देव सरकार द्वारा पेश किए गए बजट से जनता बहुत उत्साहित है। भाजपा सरकार में नागरिकों के हित की चिंता की गई है, छत्तीसगढ़ प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला यह विश्वसनीय बजट है। छत्तीसगढ़ के चहूंमुखी विकास के लिए हमारी भारतीय जनता पार्टी की सरकार दृढ़ संकल्पित है और यह बजट इस दृढ़ संकल्प की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है।



To Top