बस्तरवासियों को अलाइंस विमान सेवा के साथ-साथ अब 31 मार्च से इंडिगो विमान सेवा का भी लाभ मिलेगा। इंडिगो विमान रोजाना हैदराबाद से जगदलपुर और रायपुर जाएगी और इसी दिन रायपुर से जगदलपुर होते हुए हैदराबाद वापस हो जाएगी। कलेक्टर व मां दन्तेश्वरी एयरपोर्ट के चेयरमैन विजय दयाराम के ने सुचारू विमान सेवा संचालन के लिए बुधवार को एयरपोर्ट में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में बीसीएएस द्वारा दिए गए सुझाव को पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा को अवगत कराया गया। नगरीय क्षेत्र में एयरपोर्ट के रनवे के दोनों तरफ की एप्रोच पाथ हाईवे व बोघघाट में 15 किमी के क्षेत्र तक किसी भी प्रकार की हाई राइस भवन बनाने की अनुमति प्रदान नहीं करने के लिए नगर निगम को कहा गया है। साथ ही भवन निर्माता को एयरपोर्ट एथॉरिटी ऑफ इंडिया के एनओसी शाखा से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। एयरपोर्ट में निर्माणाधीन विकास कार्यों में रनवे, एप्रोन, टैक्सी वे में मार्किंग व केक फिलिंग के कार्य सहित ऑप्सटेकल मार्किग, हेलीकाप्टर पार्किंग, एप्रोन के पास एप्रोन स्ट्रीप का कार्य प्रगति पर है। तीनों लंबित कार्यों को एक माह के अन्दर पूरा करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को दिए गए।


