गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (G.P.M.) जिले के गठन अवसर पर आयोजित अरपा महोत्सव में संस्कृति मंत्री ने 35.26 करोड़ रुपए की लागत के 70 विकास कार्याे का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। मंत्री ने पेण्ड्रा बायपास सहित विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति की घोषणा की। संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य हर घर तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
मंत्री ने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पर्यटन की काफी संभावना है। जिले को पर्यटन के रूप में पहचान दिलाने के लिए पूरी कोशिश रहेगी। उन्होंने कहा कि यहां पर्यटन संभावनाओं के साथ-साथ विकास के अन्य सभी कार्य किए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य अरपा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम विष्णु देव साय और राज्यवासियों की तरफ से जिला स्थापना दिवस की बधाई दी। मंत्री ने जिले वासियों की मांग व आवश्यकता को देखते हुए पेण्ड्रा बायपास की स्वीकृति माह के भीतर दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने 35.26 करोड़ रुपए की लागत के 70 विकास कार्याे का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की।
संस्कृति मंत्री अग्रवाल ने अरपा महोत्सव में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की स्वीकृति दिलाने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही में बेड संख्या बढ़ाकर 50 करने, मलनिया डेम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, आदिशक्ति दुर्गा मंदिर के विकास के लिए 25 लाख रुपए देने, राजमेर गढ़ को हिल स्टेशन के रूप में विकसित करने की घोषणा की। कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, क्षेत्रीय विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और प्रबल प्रताप सिंह जुदेव ने भी संबोधित किया। अरपा महोत्सव में छत्तीसगढ़ी लोक गीत, लोक संगीत पर करमा, शैला नृत्य की प्रस्तुति के साथ ही स्कूली बच्चों और जाने-माने कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।
समारोह स्थल पर जनसंपर्क विभाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णदेव साय की गारंटी के साथ डबल इंजन सरकार द्वारा किसान उन्नति योजना, श्रीराम लला दर्शन योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षित बेरोजगारों के हित में ऐतिहासिक फैसला, तेंदुपत्ता संग्रहण दर व बोनस बढ़ोतरी की जानकारी के साथ ही एलईडी टीवी स्क्रीन पर योजनाओं-उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। आम लोगों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजानाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।




