सुमंत गांगुली | खड़गवां
सहकारी बैंक में कैश की कमी से किसान परेशान हैं। खड़गवां में किसानों को एक बार में 10 हजार रुपए का भुगतान किया जा रहा है। सहकारी बैंक शाखा में अलग-अलग समितियों के लिए हफ्ते में दिन निर्धारित है फिर भी बैंक के बाहर किसानों की भीड़ है। किसान सुबह 9 बजे से बैंक के बाहर लाइन लगा रहे हैं। दरअसल प्रदेश सरकार ने धान खरीदी पर कोरिया जिले में 19 हजार 654 किसानों के सहकारी बैंक खातों में 271 करोड़ 27 लाख रुपए का भुगतान किया है। बैंक खातों में आए रुपए को निकालने के लिए बैकुंठपुर, चिरमिरी, मनेन्द्रगढ़, खड़गवां सभी जगह किसानों की भीड़ उमड़ रही है।
जिले के सहकारी केंद्रीय बैंक शाखाओं में 25 जनवरी से किसानों की भीड़ बढ़ गई है। खड़गवां विकासखण्ड में नगर निगम क्षेत्र चिरमिरी व खड़गवां में बैंक की दो शाखा है और दोनों में यही स्थिति है। खड़गवां ब्रांच को खुले 4 साल हो गए हैं पर जो स्थिति चिरमिरी में थी, उतनी ही भीड़ यहां भी देखने को मिल रही है। सप्ताह में सभी 6 दिन अलग-अलग समिति के लिए तय है, बावजूद बैंक में रुपए निकालने के लिए किसानों की भीड़ हो रही है। बैंक से रुपए निकालने के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में किसान या खाताधारक की नहीं चलती, बल्कि बैंक जो लिमिट तय कर देता है उतना ही नकद रुपया किसान निकासी कर पाते हैं।
गुरुवार, शुक्रवार को किसान सुबह से लाइन में खड़े रहे लेकिन बैंक से उन्हें 10 हजार रुपए नकद ही दिया गया। किसी किसान के खाते में 1 लाख रुपए है, तो उसे 10-10 हजार कर 10 बार लाइन में लगना होगा। बैंक प्रबंधक का कहना है कि चेस्ट ब्रांच से नकदी की व्यवस्था न होने के कारण 10 हजार रुपए दे रहे हैं। भीड़ कम करने किसानों को एटीएम कार्ड, चेक बुक नहीं दिया गया है। किसानों का कहना है कि खड़गवां में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का एटीएम नहीं है। जबकि बचरा पोड़ी में एक एटीएम लगाया गया है। यदि खड़गवां शाखा में भी एटीएम लग जाए तो भीड़ कुछ कम हो जाएगी।
कोरिया में किसानों के खातों में 220 करोड़
कोरिया जिले में 50 करोड़ 39 लाख रुपए ऋण वसुली के बाद किसानों के खातों में 220 करोड़ 87 लाख 71 हजार रुपए दिया गया है। इसी तरह एमसीबी जिले के 14 हजार 676 किसानों के खातों में 188 करोड़ 92 लाख रुपए का भुगतान किया जिसमें 25 करोड़ 53 लाख 12 हजार रुपए ऋण वसुली हुई है। यानी किसानों के खाते में करीब 163 करोड़ 39 लाख 24 हजार रुपए है जिसे निकालने भीड़ उमड़ रही है।
नकदी कम, 10 हजार दे रहे : शर्मा
मामले में खड़गवां शाखा प्रबंधक धर्मेंद्र शर्मा का कहना है कि नकदी की कमी के कारण किसानों को कम भुगतान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को एटीएम देने की तैयारी है। जल्द ही खड़गवां ब्रांच में एटीएम शुरू हो जाएगा, जिससे व्यवस्था ठीक हो जाएगी।
पंचायतों से नहीं हुआ भुगतान : युधिष्ठिर
आदिवासी कांग्रेस एमसीबी जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर कमरो ने कहा कि किसान हितैशी का दम भरने वाली भाजपा सरकार जिनका घोषणा था कि किसानों को उनके धान की राशि प्रत्येक पंचायत में दिया जाएगा, लेकिन यह उनके कथनी और करनी में फर्क साफ नजर आ रहा है।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)