मनेंद्रगढ़ के ग्राम कटकोना नेवारी बहरा में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की न्याय यात्रा को लेकर कहा कि कांग्रेस अपने लोगों के साथ न्याय करे, कांग्रेस के लोग ही न्याय खोज रहे हैं, राहुल गांधी पहले उन्हें न्याय दे दें, फिर न्याय यात्रा निकालें। स्वास्थ्य मंत्री जिला प्रशासन व एमसीबी प्रेस क्लब के स्वास्थ्य एवं समाधान शिविर में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
मंत्री ने यहां बीपी और शुगर की जांच कराई। वहीं शिविर में सभी विभाग के स्टॉलों की जानकारी ली। शिविर में बड़ी संख्या में पण्डो और बैगा जनजाति के ग्रामीण जांच के लिए पहुंचे थे। इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर क्षेत्र की समस्याओं को सुना। मंत्री जायसवाल ने कहा कि यात्रा तो राजस्थान में भी निकाली थी, मध्यप्रदेश में निकली क्या हुआ, छत्तीसगढ़ में क्या हुआ। यात्रा से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है, कांग्रेस इस लोकसभा में छत्तीसगढ़ में जीरो सीट पाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन की सरकार से हम सभी 11 सीट पर जीत हासिल करेंगे और पूरे देश में 400 प्लस सीट जीत कर आएंगे।
शिविर में स्वास्थ्य मंत्री ने पूरे प्रदेश के लिए घोषणा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य जीवन के लिए महत्वपूर्ण योजना है। इसलिए प्रदेशभर में दूरस्थ अंचल के जो वनवासी क्षेत्र में विशेष पिछड़ी जनजातियां हैं वहां विशेष स्वास्थ्य कैंप का आयोजन करेंगे। सीएमएचओ ऐसे क्षेत्रों को चिंहित कर शिविर लगाएंगे और सभी विभाग, प्रशासन के लोग उनका सहयोग करेंगे। साथ ही हमारे स्कूली बच्चों की रेगुलर हेल्थ चेकअप करेंगे। कुछ जिलाें में मलेरिया, फाइलेरिया से मुूक्ति नहीं मिली है। रेगुलर हेल्थ चेकअप की घोषणा की है ताकि जो नौनीहाल हैं उन्हें किसी तरह की बीमारी न हो। मंत्री ने आगे कहा कि मनेंद्रगढ़ सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ व एनीस्थिसिया विशेषज्ञ की नियुक्ति की घोषणा को जल्द पूरा करेंगे। जिला अस्पताल को लेकर कहा कि अस्पताल चिरमिरी क्षेत्र में ही बनेगा, नगर निगम क्षेत्र में साजापहाड़ मार्ग के बीच बनेगा।

