सुमंत गांगुली | खड़गवां
जनपद पंचायत खड़गवां मैदान में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत प्रधानमंत्री संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्र की जनता देश के प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री को सीधे सुन सके इसके लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल थे।
कार्यक्रम का प्रसारण सुबह 10.30 बजे से शुरू हुआ। दोपहर 12.30 बजे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम का उद्बोधन करते हुए मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ में लागू हो चुके योजनाओं का बखान किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एलईडी स्क्रीन पर छत्तीसगढ़ की जनता को संबोधित करते हुए अपने 9 साल की उपलब्धियां गिनाई। पीएम माेदी ने कहा कि पहले केंद्र से ₹1 चलता था और यहां आते-आते 15 पैसा हो जाता था, मगर आज लोगों के खाते में सीधे पूरा पैसा ट्रांसफर हो जाता है।
प्रधानमंत्री के भाषण का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया पर भी चल रहा था। अंत में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश अपने गौरव गाथा को आगे बढ़ा रहा है। आजादी के 70 साल बाद भी हमारे देश की माताएं बहने खुले में शौच करने जाती थीं मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घर-घर शौचालय देकर इज्जत घर दिया। खुद झाड़ू लेकर सफाई अभियान में जुटे लोगों ने स्वच्छ भारत बनाने का संकल्प लिया।
उज्ज्वला योजना लाकर बहनों को चूल्हा फूंकने से मुक्ति दिलाई। 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा, पिछले 5 सालों में पिछले सरकार ने प्रधानमंत्री आवास बंद कर दिया, मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शपथ लेने के दूसरे दिन ही साढ़े 18 लाख पक्का मकान के कागज में दस्तखत किया है। एक-एक व्यक्ति का पक्का मकान बनाएंगे, जो सपना देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देखा था वह पूरा हो रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के गारंटी में एक माह में महतारी वंदना योजना के तहत माता और बहनों के खाते में 1000 रुपए प्रति माह दिया जाएगा।



