जशपुर जिले के विकासखण्ड कांसाबेल ग्राम मुडाटोली में अखिल भारतीय कंवर समाज का अंचल स्तरीय वार्षिक सम्मेलन सह मिलन समारोह आयोजित हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि रहे। सीएम ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का मूलमंत्र है। किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है।
शिक्षा सिर्फ नौकरी तक ही सीमित नहीं है, बेहतर जीवनयापन के साथ समाज सेवा, राजनीति, व्यापार के क्षेत्र में जाने के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण साधन है। सरकार द्वारा बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के बेहतर प्रबंध किए गए हैं। आप सभी का दायित्व है कि अपने बच्चों को शिक्षित करें। सीएम ने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रकोप को रोकने और युवाओं को सही दिशा में ले जाने की अपील की।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कंवर व आदिवासी समाज पर भरोसा जताते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। यह समाज के लोगों के लिए गौरव की बात है। सीएम ने आगे कहा कि इस तरह के सम्मेलन से समाज कैसे मजबूत हो इस पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी सरकार बने दो माह हुए हैं। इस दौरान 18 लाख से अधिक लोगों के पीएम आवास की स्वीकृति, 2 साल के धान के बकाया बोनस की राशि किसानों के खाते में अंतरित की गई है।
सीएम ने धान की बम्फर खरीदी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से अगले माह से विवाहित महिलाओं के खाते में रुपए आने शुरू हो जाएंगे। आप सभी पात्र महिलाएं अपना आवेदन जरूर भरें। मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रति मानक बोरा में वृद्धि करते हुए 5500 रुपए करने और संग्राहकों को बोनस, चरणपादुका का वितरण, परिवार के बच्चों को छात्रवृत्ति सहित अन्य लाभ देने की बात कही। सीएम ने कहा कि भूमिहीन मजदूरों को साल में 10 हजार की सहयोग राशि भी देने की योजना है।
पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि समाज का यह सम्मेलन साल में एक बार जरूर किया जाना चाहिए ताकि समाज की नई पीढ़ी को समाज की संस्कृति से जोड़ते हुए समाज को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सके। कार्यक्रम में सीएम की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय, समाज के अध्यक्ष भरत साय, आर पी साय सहित अशोक साय, सालिक साय, आर एन साय, शिवशंकर साय व अन्य समाज पदाधिकारी मौजूद रहे।
समाज भवन के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा
सीएम विष्णुदेव साय ने कंवर समाज के सम्मेलन में समाज के पदाधिकारियों की मांग पर सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणा पर समाज के लोगों ने आभार जताया। केंद्रीय कार्यालय कंवर समाज पमशाला के पूर्व अध्यक्ष अशोक साय ने कहा कि आज हमारे बीच अपने मुख्यमंत्री को पाकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।




