मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य अतिथि गृह पहुना में आज सुबह भगवान जगन्नाथ व बलभद्र के रथ के पहिए की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर भगवान जगन्नाथ से प्रदेशवासियों की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। विदित हो कि नंदीघोष रथ में भगवान जगन्नाथ व बलभद्र के रथ का पहिया रखा गया है, जिसका रायपुर शहर के विभिन्न वार्डों में भम्रण कराया जा रहा है।
ओडिशा के जगन्नाथ पुरी के प्रसिद्ध मंदिर में प्रतिवर्ष आषाढ़ के महीने के शुक्ल पक्ष के दूसरे दिन से रथयात्रा का कार्यक्रम शुरू होकर 9 दिनों तक चलता है। इस रथ के पहिए को पिछले 12 दिनों से रायपुर शहर के विभिन्न वार्डों में आमलोगों के दर्शन के लिए भम्रण कराया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण संयोग रहा कि आज सुबह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन के अवसर पर राज्य अतिथि गृह पहुना में भी बाजे-गाजे के साथ रथ का आगमन हुआ। इस मौके पर वन मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री व विधायक अमर अग्रवाल व विधायक पुरन्दर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


