झुमका जल महोत्सव का आज मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, पर्यटकों के लिए 5 शिकारा बोट कोरिया आई


त्तीसगढ़ के कोरिया जिले में झुमका जल महोत्सव का उद्घाटन गुरूवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। सीएम दोपहर 1 बजे बैकुंठपुर पहुंचेंगे और करीब डेढ़ घंटे यहां रहेंगे। कोरिया जिला प्रशासन द्वारा झुमका जल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जहां सीएम 58 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन व 16 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। दो दिन के महोत्सव में बॉलीवुड गायकों के साथ स्थानीय कलाकार धूम मचाएंगे। 



महोत्सव में पर्यटन व उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल समेत अन्य मंत्री, विधायक शामिल होंगे। बुधवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, एसपी कोरिया त्रिलोक बंसल ने व्यवस्था देखी।पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए झुमका बांध में कश्मीर के डल झील की तर्ज पर 5 शिकारा बोट कोरिया पहुंच चुकी है। वहीं स्पीड बोट, पैडल बोट, मोटर बोट की संख्या भी बढ़ाई गई है। जल महोत्सव में पर्यटक यहां संगीत के साथ बोटिंग व आईलैंड के रोमांच का आनंद उठा सकेंगे। जिला प्रशासन द्वारा विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जो सरकार की योजनाओं से संबंधित जानकारी देगी। 



कोरिया में लगातार दूसरे साल जिला प्रशासन द्वारा झुमका महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य पर्यटकों काे झुमका की ओर आकर्षित करना है। महोत्सव में सुबह स्कूली बच्चे व स्थानीय कलाकार, वहीं शाम ढलते ही बॉलीवुड कलाकार, गायक अपने सुरों का जलवा बिखेरेंगे। यहां 5 हजार से ज्यादा भीड़ होने का अनुमान जताया गया है। सुरक्षा के लिए कोरिया, एमसीबी जिले से 200  पुलिस बल को तैनात किया गया है। 



जल महोत्सव के लिए ओड़गी से लेकर झुमका बोट क्लब, आईलैंड की साज सज्जा व आकर्षक लाइटिंग की गई है। पार्क में डोम बनाया गया है जहां 5 हजार से ज्यादा लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की व्यवस्था है।झुमका बांध के तट पर बने फिश एक्वेरियम की सजावट के साथ ही पानी के बीच बने आई लव कोरिया का नया सिंबल व सेल्फी प्वांइट बनाया गया है। सुरक्षा को देखते हुए फ्लोटिंग ब्रिज को सामने की तरफ से लगा है, जहां पानी कम है। 




दो दिवसीय झुमका जल महोत्सव का उद्घाटन दोपहर 1 बजे मुख्य अतिथि सीएम विष्णु देव साय व कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह करेंगे। दोपहर 12 बजे से स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ लोक कलाकार प्रस्तुति देंगे। वहीं शाम के समय निहाल टैरो, नचिकेत लेले, मीत ब्रदर्स, शनमुख प्रिया, बॉलीवुड डांस ग्रुप व अलंकार सूफी बैंड का कार्यक्रम होगा। पिछले साल वाहनों की पार्किंग को लेकर समस्या हुई थी। आयोजन को देखते हुए ओड़गी नाका के पास ही वाहनों को रोका जाएगा। 





 




To Top