करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, हत्या या हादसा पुलिस जांच में जुटी

सुमंत गांगुली | खड़गवां 


नेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (M.C.B.) जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र में 21 साल के युवक की हत्या में नया मोड़ सामने आया है। साथी युवकों ने पुलिस को बताया है कि सभी रात में चिड़िया मारने के लिए गए हुए थे। रात में सोते पक्षियों का वे शिकार करते थे। खेत में लगे करंट तार की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। जबकि युवक के प्राइवेट पार्ट्स व पैर, सीने पर जलने के निशान मिले हैं। पुलिस ने परिजनों के संदेह पर युवक के साथ गए उसके दोस्तों से पूछताछ की। पुलिस मामले में जांच कर रही है। 


मृतक


मालूम हो कि खड़गवां के ग्राम आधीबर में 21 वर्षीय करण सिंह का शव प्राथमिक शाला के पास मिला था। युवक सोमवार की रात 8 बजे घर से चिड़िया मारने जा रहा है यह कहकर निकला था। मंगलवार सुबह जब लोग टहलने निकले तो उन्हें लगा कोई शराब के नशे में सोया हुआ है। कुछ देर बाद गांव के कुछ लोगों ने युवक को पलट कर देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक के पिता शिवनारायण सिंह ने कहा कि करण गांव के महेश और वीर सिंह के साथ रात में निकला था। वह पूरी रात घर वापस नहीं लौटा।


पुलिस ने दोनों संदेही युवक को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की। साथी युवकों का कहना है कि करण चिड़िया मारने के लिए उनके साथ गया था। करंट तार की चपेट में आने से वह झुलस गया। जिसे लेकर अस्पताल जा रहे थे, लेकिन करण ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद अन्य युुवक शव को स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गए। मंगलवार सुबह स्कूल के पास करण का शव पड़ा देख दीपक पनिका ने परिजनों को सूचना दी। करण का शव औंधे मुंह जमीन पर पड़ा था। ग्रामीणों ने देखा कि युवक के प्राइवेट पार्ट, दाएं पैर, सीने और घुठने पर जलने के निशान हैं। नाक पर चोट है जिससे पता चला कि युवक के साथ मारपीट कर किसी ने उसकी हत्या कर शव फेंक दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि करंट तार लगाने वालों की पुलिस तलाश कर रही है। वहीं युवकाें का बयान लिया जा रहा है। 





To Top