कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र के छरछा उचित मूल्य की दुकान से चावल चोरी के मामले में शिकायतकर्ता ही मास्टर माइंड रहा। यहां समिति उपाध्यक्ष का पति चावल की हेरा-फेरी करता था। नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह के प्रभार लेते ही 2 दिन के भीतर पुलिस ने चोरी का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार सूर्य खाद्य सुरक्षा पोषण व उपभोक्ता सहकारी समिति मर्यादित चेरवापारा का अध्यक्ष उमाशंकर सिंह आत्मज स्व मनोहर उम्र 51 वर्ष निवासी छरछा बस्ती ने थाना चरचा में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दी थी कि समिति के उचित मूल्य की दुकान जो कि छरछा बस्ती में है, वहां 4 व 5 फरवरी की रात दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे 150 क्विंटल चावल और 1 क्वीन्टल 50 किलो शक्कर की चोरी की है।
शिकायत विश्वास से परे होने पर पुलिस तस्दीक किया जा रहा था। इस दौरान 19 फरवरी को नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने पदभार ग्रहण करते ही सर्वप्रथम इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए प्राथमिकता के आधार पर चोरों को पकड़ने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन व निर्देशन में इसकी जांच व तस्दीक की जा रही थी, जिसपर पुलिस ने पाया कि समिति उपाध्यक्ष का पति राजेश कुर्रे पॉस मशीन चलाता था। माह जून 2022 से उचित मूल्य के दुकान का राशन प्रत्येक माह 10-10, 15-15 क्विंटल कर गांव के छोटे व्यापारियों को बिक्री कर देता था और प्रत्येक माह पीडीएस का माल आगे दुकान में आता था और उसे दुकान के हितग्राहियों के नजर से ओझल कर फर्जी तरीके से एक माह बाद राशन भुगतान करता था।
खाद्य दुकान का स्टॉक खाद्य निरीक्षक के द्वारा जांच किया गया जिसमें पाया गया कि माह जनवरी 2024 में 177 क्विंटल चावल कम है। जिसपर पाया गया कि अध्यक्ष उमाशंकर सिंह व समिति उपाध्यक्ष का पति राजेश कुर्रे ने षड़यंत्र रचकर स्वयं दुकान में लगे ताला को तोड़कर चोरी की झूठी शिकायत की है व चोरी किये गए चावल को राम गुलाब साहू आ0 दाउ राम साहू, उम्र 45 वर्ष सा. छिंदडांड बैकुंठपुर थाना चरचा द्वारा क्रय किया गया है। प्रकरण में 2 आरोपियों को धारा 409, 120 (ठ) के तहत अपराध कायम कर गिरफ्तार किया गया। समिति के उपाध्यक्ष का पति राजेश कुर्रे फरार है जिसकी पुलिस को तलाश है। प्रकरण के खुलासे में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बैकुंठपुर कविता ठाकुर, थाना प्रभारी चरचा निरीक्षक अनिल किण्डो, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी, आरक्षक उमेश्वर राजवाड़े, सैनिक जुपेन्द्र कुशवाहा शामिल रहे।

.jpeg)

