सुमंत गांगुली | खड़गवां
प्रदेश के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां पहुंचे। मंत्री ने मरीजों से पूछा कि अस्पताल में उन्हें कोई तकलीफ तो नहीं हो रही है, सिस्टर और स्टाफ अच्छे से बात करते हैं। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद श्याम बिहारी जायसवाल पहली बार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान बीएमओ डॉ एस कुजूर ने मंत्री से अस्पताल की खूब तारीफ की। बीएमओ ने कहा कि अस्पताल को कायाकल्प के तहत प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
अस्पताल स्टाफ ने मंत्री को जानकारी दी कि खड़गवां में लंबे समय से एक्स-रे टेक्नीशियन नहीं होने से मरीजों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री ने डीएम फंड से एक्स-रे टेक्नीशियन रखवाने और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत इंसेंटिव दिलाने की बात कही। बता दें कि अस्पताल में जीवन दीप समिति से जरूरत से ज्यादा स्टाफ को डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर रखा गया है जिन्हें लाखो रुपए इंसेंटिव भी दिया जाता है, जबकि आयुष्मान भारत से एक डाटा एंट्री ऑपरेटर अस्पताल पदस्थ हैं, अस्पताल प्रबंधन के पास इतना रुपया नहीं है कि एक्स-रे टेक्नीशियन को दे सकें। स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारियों से कहा कि आप लोग मन लगाकर काम करिए ताकि मैं कह सकूं स्वास्थ्य सुविधा देखना हो तो हमारे क्षेत्र में आकर देखें। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी, एनआरएचएम स्टाफ, चिरमिरी के पूर्व महापौर डमरू बेहरा, अरुणोदय पाण्डेय, धनंजय पाण्डेय व अन्य ग्रामवासी मौजूद रहे।


