कर्मचारियों को वेतन देने 3 करोड़ 60 लाख रुपए मिले : स्वास्थ्य मंत्री

सुमंत गांगुली | खड़गवां 


र्मचारियों को वेतन देने के लिए नगरीय प्रशासन व विकास विभाग के संयुक्त संचालक ने नगर पालिक निगम चिरमिरी को 2 करोड़ 70 लाख 64 हजार रुपए व नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ को 89 लाख 58 हजार रुपए की राशि आबंटित की है। कर्मचारियों को 3 महीने से वेतन नहीं मिलने की जानकारी पर मनेंद्रगढ़ विधायक व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नगरीय प्रशासन मंत्री को कर्मचारियों की परेशानी से अवगत करा मासिक चुंगी क्षतिपूर्ति से समायोजन की शर्त पर स्वीकृत ऋण राशि का आबंटन कराया। 




निकाय कर्मचारियों के लिए राशि मिलने की जानकारी देते हुए मंत्री श्याम बिहारी ने कहा कि चिरमिरी निगम व मनेंद्रगढ़ नगर पालिका के रेगुलर और प्लेसमेंट कर्मचारियों को वेतन की समस्या से राहत मिलेगी। बता दें कि नगर निगम चिरमिरी व नगर पालिका मनेंद्रगढ़ में 3 महीने से कर्मचारी वेतन नहीं मिलने की समस्या से जूझ रहे थे। निकाय में कार्यरत रेगुलर और प्लेसमेंट कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से वे उधार लेकर अपना गुजारा कर रहे थे। कुछ कर्मचारियों की स्थिति यह बन गई थी कि राशन दुकान और दूसरी जगह से मदद मिलनी बंद हो गई थी। जिस कारण घर खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया था। परेशानी को देखते हुए कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्री नगरीय प्रशासन व विकास विभाग छत्तीसगढ़ को कर्मचारियों की परेशानी से अवगत कराते हुए मासिक चुंगी क्षतिपूर्ति से समायोजन की शर्त पर स्वीकृत ऋण राशि का आवंटन कराया। 


हर महीने 90 लाख का भुगतान 

नगर निगम चिरमिरी के अनुसार नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों को वेतन देने के लिए महीने में करीब 90 लाख रुपए की आवश्यकता होती है। कर्मचारियों की संख्या 300 से ज्यादा है। इसमें निगम चिरमिरी में कार्यरत सभी प्लेसमेंट कर्मचारियों के लिए 28 लाख, सभी जनप्रतिनिधियों के लिए 7 लाख और सभी रेगुलर कर्मचारियों को 55 लाख रुपए वेतन के तौर पर देना होता है। वर्तमान समय में निगम चिरमिरी और नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में राजस्व वसूली नहीं होने से वेतन संकट की समस्या बनी हुई है।


To Top