छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में महतारी वंदन योजना को लेकर उड़ी अफवाह से जिला मुख्यालय के पोस्ट ऑफिस में महिलाओं की भीड़ हाे गई है। पोस्ट ऑफिस में 4 दिन में 600 से ज्यादा महिलाएं बचत खाता खुलवा चुकीं हैं। अफवाह से ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पोस्ट ऑफिस पहुंच रहीं हैं। महिलाओं की भीड़ इस भ्रम का शिकार है कि पोस्ट ऑफिस के खाते में हर महीने हजार रुपए आएंगे।
दरअसल विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान भाजपा ने मध्यप्रदेश में चल रहे लाडली बहना योजना की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना लागू करने की घोषणा की थी। योजना के तहत प्रदेश के सभी विवाहित महिलाओं को एक-एक हजार रुपए प्रति माह देने की घोषणा की गई है। योजना के लिए पोस्ट ऑफिस के खाते में हजार रुपए आने की अफवाह से पोस्ट ऑफिस में भीड़ ने डाक विभाग की सेवाएं प्रभावित कर दी है, लेकिन दूसरी ओर इस अफवाह का फायदा विभाग को भी मिल रहा है इसलिए स्टाफ भीड़ को नहीं समझा रहा है। केवल सार्वजनिक सूचना चस्पा कर दी गई है।
पोस्ट ऑफिस प्रबंधन का कहना है कि अफवाह फैलने के कारण पिछले कुछ दिनों से यहां भीड़ बढ़ गई है जो कि कर्मचारियों के लिए सिरदर्द बन गया है। जबकि यहां पहुंचने वाली महिलाओं का कहना है कि पोस्ट ऑफिस के एजेंट्स ही उन्हें बता रहे हैं कि खाते में 20 तारीख तक रुपए आ जाएंगे। जबकि सच्चाई यह है कि पोस्ट में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत बैंक खाते खोले जा रहे हैं।
योजना का उद्देश्य काम करने वाली महिलाओं की मजदूरी के नुकसान की भरपाई करने के लिए मुआवजा देना और उनके उचित आराम और पोषण को सुनिश्चित करना है। योजना से गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को पहले जीवित बच्चे के जन्म के दौरान फायदा होगा। योजना की लाभ राशि लाभार्थी के खाते में भेजी जाएगी। भाजपा के जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की सभी विवाहित महिलाओं को एक-एक हजार रुपए प्रति माह देने की घोषणा की गई है लेकिन इस योजना की शुरूआत अभी नहीं हुई है। बजट में पेश होने के बाद योजना की शुरूआत होगी लेकिन अफवाह के कारण पोस्ट ऑफिस में भीड़ बढ़ गई है। दोनों योजना का नाम एक जैसा है जिसे लेकर महिलाएं अफवाह का शिकार हैं।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में गर्भवती व धात्री महिलाओं को मातृत्व लाभ की राशि प्रदाय करने का प्रावधान है। इसमें हितग्राही महिला को तीन किश्तों में उसके बैंक व पोस्ट ऑफिस खाते में राशि का अंतरण कर भुगतान होगा। पहले किश्त की राशि पंजीकरण के बाद 1000, गर्भधारण के 6 माह बाद 2 हजार व बच्चे के जन्म का पंजीकरण व उसके टीकाकरण के बाद 2 हजार और जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत संस्थागत प्रसव के लिए 1000 कुल 6 हजार रुपए की राशि का भुगतान किया जाएगा।
पोस्ट ऑफिस के शाखा प्रबंधक आकाश बुधवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि डाकघर में मातृत्व वंदन योजना, पीएम किसान, मनरेगा, आवास के तहत खाते खाले जा रहे हैं, महिलाएं अफवाह के चलते महतारी वंदन योजना के तहत खाते खुलवाने के लिए आ रहीं हैं, उन्हें समझाया जा रहा है।


.jpeg)
.jpeg)
