चिरमिरी व मनेंद्रगढ़ में आयकर सलाहकार के ठिकानों पर IT की दबिश, एसईसीएल कर्मियों को पूछताछ के लिए बुलाया

 


त्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में गलत तरीके से इनकम टैक्स रिफंड ले रहे एसईसीएल कर्मियों की जांच के लिए आयकर विभाग रायपुर की विजिलेंस टीम एमसीबी जिले में पहुंची है। इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) फाइल करने वाले दो दुकानों पर आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को दबिश दी। चिरमिरी के गोदरीपारा में संचालित महामाया कम्युनिकेशन व मनेंद्रगढ़ एफसीआई गोदाम के पीछे आयकर सलाहकार के ठिकाने पर विभागीय टीम ने जांच शुरू की। दरअसल दोनों ही जगहों पर इनकम टैक्स रिटर्न फाइल किये जाते हैं। 



बता दें कि आयकर विभाग को एसईसीएल कर्मचारियों के आईटीआर में गड़बड़ी मिली है। कई कर्मचारियों ने इनकम टैक्स विभाग की वेबसाइट पर गलत जानकारी भरकर रिफंड लिया है जिसकी जांच विभाग के द्वारा की जा रही है। हालांकि मामले में आयकर विभाग के अधिकारियों ने कुछ भी कहने से साफ तौर पर इंकार कर दिया है। असिस्टेंट डायरेक्टर के नेतृत्व में पहुंची 8 सदस्यीय टीम ने कहा कि विभागीय जांच चल रही है, जांच के बाद ही कुछ बता पाएंगे। हालांकि अब तक एक करोड़ से ऊपर की गड़बड़ी होने का अनुुमान जताया जा रहा है। आयकर विभाग की टीम बुधवार सुबह से देर शाम तक गोदरीपारा रीजनल अस्पताल के सामने संचालित महामाया कम्युनिकेशन में जांच करती रही। इस दौरान विभागीय टीम ने जांच के लिए कुछ एसईसीएल के कर्मचारियाें को भी तलब किया। इसी तरह मनेंद्रगढ़ के आयकर सलाहकार से भी विभागीय टीम पूछताछ करती रही। 



बता दें कि व्यापारिक केंद्र मनेंद्रगढ़ व एसईसीएल क्षेत्र चिरमिरी से बड़ी संख्या में एसईसीएल कर्मचारी आईटीआर फाइल कराते हैं। आमतौर पर इनकम टैक्स से जुड़े कार्य सीए द्वारा किए जाते हैं, लेकिन चिरमिरी, मनेंद्रगढ़ में बड़ी संख्या में ऐसी दुकानें संचालित हैं जहां 300 से लेकर 500 रुपए में रिटर्न फाइल किये जाते हैं। सीए को अधिक फीस न देनी पड़े इसलिए ज्यादातर लोग इन दुकानों के चक्कर में रिटर्न फाइल के लिए पहुंच जाते हैं। 


इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) का बिजनेस बना चुकीं इन दुकानों में 30 से 40% कमीशन पर इनकम टैक्स से रिफंड दिलाने का खेल भी चलता है। जिसमें गलत तरीके से वेबसाइट पर जानकारी डालकर रिफंड लिया जाता है। इसमें  कई मामलों में एसईसीएल कर्मियों के आय को कम दर्शाया जाता है, तो कहीं गंभीर बीमारी, एलआईसी पॉलिसी की गलत जानकारी अपलोड की जाती है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम ने एसईसीएल के कुछ कर्मचारियों को नोटिस भी जारी किया है जिससे यह मालूम चलता है कि आईटीआर में गलत जानकारी भरने का मामला है।




To Top