कश्मीर 2-0 से जीत कर सेमीफाइनल में पहुंची, कल दिल्ली Vs कोलकाता के बीच होगा पहला मुकाबला

अंकित अग्रवाल | चरचा कॉलरी 


कोरिया जिले के चरचा महाजन स्टेडियम में 48वां ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट खेला जा रहा है। 7वें दिन शुक्रवार को दूसरा क्वार्टर फाइनल कश्मीर और लुधियाना पंजाब के बीच मैच हुआ। शुरुआत से ही दोनों टीमें बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए एक दूसरे पर हावी रहीं। कश्मीर के जर्सी नं. 26 सारीक हुसैन ने 21 मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। वहीं लुधियाना के खिलाड़ी गोल करने में सफल नहीं हुए। 



हाफ टाइम तक कश्मीर 1-0 से आगे रही। हाफ टाइम के बाद लुधियाना टीम को गोल करने का अवसर मिला पर टीम गाेल करने से चूक गई। वहीं कश्मीर की टीम लगातार दूसरे गोल के लिए प्रयास करती रही। इससे मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। जहां टीम की हार जीत को लेकर रुपए के दाव लगने लगे। हाफ टाइम के 29 मिनट बाद जर्सी नं. 10 हयाद वसीर ने गोल कर 2-0 से बढ़त बनाई। इसी के साथ मैच 2-0 से समाप्त हुआ और कश्मीर ने 2 गोल से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार कश्मीर के खिलाड़ी जर्सी नं. 10 हयाद वसीर को दिया गया। मैच के मुख्य निर्णायक विशाल प्रजापति, सांतन अग्रवाल, विजय आनंद, पप्पू कुमार रहे। वहीं मैच कमिश्नर अनिल कचेर रहे। 



बता दें कि टूर्नामेंट में शनिवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच दोपहर 1 बजे से दिल्ली और कोलकाता के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा मैच दोपहर साढ़े 3 बजे से पठानकोट पंजाब और ग्वालियर मध्यप्रदेश के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए एसईसीएल के अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक जितेन्द्र कुमार, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, संदीप कुमार, सचिव डॉ अशोक बिराजी, एमएच खान, अशोक निर्मलकर, मो रियाज शामिल रहे। वहीं कोच विजय विश्वकर्मा, रोशन अब्दुल, सुनील बरला, प्रदीप डे, सुनील बरला, अब्दुल मो.रफीक, मो.मुनाफ, सीताराम, सुरक्षा प्रहरी श्याम सुन्दर, लखन दास, दीपक साहू, दिनेश व अन्य व्यवस्था में सक्रिय रहे। 


यह खबर भी पढ़ें 

कश्मीर Vs लुधियाना के बीच आज मुकाबला, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई मजबूत टीमों को मिली हार


To Top