छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में 48वां ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट खेला जा रहा है। चरचा कॉलरी के महाजन स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट में छठवे दिन गुरुवार को झारखंड और लुधियाना फुटबॉल क्लब के बीच मैच हुआ। इसमें लुधियाना एफसी पंजाब टीम को 1-0 से जीत मिली। इसी के साथ लुधियाना एफसी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। सेकेंड हाफ में मैच समाप्त होने से 10 मिनट पहले लुधियाना एफसी पंजाब टीम के जर्सी नं. 10 सनी ने गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई।
झारखंड को गोल करने के कई मौके मिले पर टीम गोल नहीं कर पाई। हाफ टाइम तक दोनों टीमें 0-0 पर रही। शुक्रवार को डाउन टाउन हीरोज कश्मीर और लुधियाना एफसी पंजाब के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। इससे पहले बुधवार को बिहार एफसी और एमईजी बैंगलोर कर्नाटक व फ्रेंड्स जार्ज स्पोर्ट्स क्लब केरला और एसटी एफसी पठानकोट के बीच मैच हुआ। इसमें बैंगलोर व पठानकोट की टीम को 2-1 से जीत मिली।
मैच की शुरूआत के साथ ही दोनों ही टीमें बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए एक दूसरे पर भारी रहीं। बैंगलोर के खिलाड़ी जर्सी नं. 9 रोहित शर्मा ने मैच शुरू होने के 37 मिनट बाद शानदार गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। वहीं बिहार टीम के खिलाड़ी जर्सी नं. 5 को निर्णायक ने रेड कार्ड दिखाकर बाहर किया। हाफ टाइम के 3 मिनट पहले बैंगलोर के जर्सी नं. 2 नितिन ने गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त बनाई। हाफ टाइम के बाद बिहार एफसी के खिलाड़ी जर्सी नं 8 अंगम ने गोल कर मैच को 2-1 पर खड़ा कर दिया।
बिहार एफसी टीम में शामिल तीन विदेशी खिलाड़ी को मुख्य निर्णायक ने रेड कार्ड दिखाकर बाहर किया। नतीजा बिहार टीम को सात खिलाड़ियों के साथ मैच खेलना पड़ा जिससे मैच में बैंगलोर की टीम को 2-1 से जीत मिली। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार एसईसीएल के कार्मिक प्रबंधक ने बैंगलोर टीम के जर्सी नं. 19 मो.नुमान को दिया। दूसरा मैच दोपहर साढ़े 3 बजे फ्रेंड्स जार्ज स्पोर्ट्स क्लब केरल और एसटी एफसी पठानकोट के बीच खेला गया।
हाफ टाइम तक दोनों ही टीमें गोल करने में सफल नहीं हुईं। हाफ टाइम के बाद मैच समाप्त होने से पहले केरल की टीम ने गोल कर 1-0 से बढ़त बनाई। जवाब में दो मिनट के भीतर ही पठानकोट को एक मौका मिला और मैच 1-1 की बराबरी पर पहुंच गया। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में पठानकोट टीम ने केरला टीम को 2-1 से हराया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पठानकोट के जर्सी नं. 12 आबिद को दिया गया। गुरुवार को दोपहर 2.30 बजे से झारखंड एफसी और लुधियाना एफसी पंजाब के बीच मैच खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का चौथा मैच मंगलवार को डाउन टाउन कश्मीर व हैदराबाद आर्मी तेलंगाना के बीच खेला गया। पेनल्टी शूटआउट से मैच का फैसला हुआ। इसमें कश्मीर ने 4-3 से मैच जीत लिया। टूर्नामेंट में मंचस्थ अतिथि एसपी कोरिया त्रिलोक बंसल, सह क्षेत्र प्रबंधक जितेन्द्र कुमार व अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
मैच में शुरूआत के साथ ही कश्मीर की टीम हैदराबाद के ऊपर लगातार दबाव बनाए हुई थी। इस दौरान मुख्य निर्णायक आशीष तिवारी ने कश्मीर के खिलाड़ी को यलो कार्ड दिखाकर समझाइश दी। हैदराबाद टीम काे गोल करने का अवसर मिला, लेकिन टीम गोल से चूक गई। मैच समाप्त होने तक दोनों ही टीमें गोल नहीं कर पाई। इसी के साथ मैच समाप्त हुआ। मुख्य निर्णायक ने पेनल्टी शूटआउट कराया। पेनल्टी शूटआउट में कश्मीर ने हैदराबाद टीम को 4-3 से हराया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार कश्मीर के गोलकीपर मो. उमेद को दिया गया।
इससे पहले तीसरा मैच सोमवार को न्यू स्पोर्टिंग क्लब चरचा कोरिया 1 गोल से हार गई। स्थानीय टीम चरचा की हार से कोरिया जिले के दर्शकों में काफी रोष रहा। बता दें कि तमिलनाडु पुलिस टीम ने मैच शुरू होते ही 1 गोल की बढ़त बना ली थी। हाफ टाइम तक दोनों टीमें गोल के प्रयास में रहीं लेकिन गोल करने में सफल नहीं रही। चरचा टीम को गोल के लिए कई मौके मिले पर खिलाड़ी गोल करने में सफल नहीं हुए। इस तरह से मैच में तमिलनाडु पुलिस ने न्यू स्पोर्टिंग चरचा को 1 गोल से हराकर मैच जीता।
दूसरा मैच रविवार को हल्के विवाद और दर्शकों के हंगामे के बीच हुआ। चरचा न्यू स्पोर्टिंग क्लब कोरिया और देहरादून उत्तराखंड के बीच हुए मैच में हाफ टाइम तक दोनों ही टीमें गोल करने में कामयाब नहीं हुईं। मैच शुरू होते ही चरचा की टीम गोल करने अपनी पूरी ताकत लगाती रही और मैच समाप्त होने से 20 मिनट पहले 1 गोल से बढ़त बनाई, हालांकि जवाब में देहरादून ने भी 1 गोल कर दिया।
इसके बाद दोनों टीमें गोल करने उत्साहित रहे। इस बीच चरचा टीम के जर्सी नं. 10 सोनू को लाल कार्ड दिखाकर खेल मैदान से बाहर कर दिया गया। दर्शक चरचा टीम को जिताने के लिए उमंग व हौसला अफजाई करते रहे। इसी दौरान देहरादून की गलत खेल से चरचा टीम को पेनल्टी शूट आउट का मौका मिला। करीब 2 मिनट बाद चरचा गोल करने में सफल हुई। इसके बाद दर्शकों ने गैलरी और गोलपोस्ट के पीछे हंगामा शुरू कर दिया।
देहरादून टीम खेल बंद कर बाहर आने लगी। इसे देखते हुए टूर्नामेंट मैनेजमेंट की समझाइश के बाद खेल शुरू हुआ, लेकिन देहरादून टीम स्कोर बराबर नहीं कर सकी और चरचा न्यू स्पोर्टिंग क्लब ने 2-1 से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच चरचा के जर्सी नं. 18 राकेश कुमार को दिया गया।
गोल्ड कप का पहला मैच तमिलनाडु पुलिस टीम व उत्तरप्रदेश मऊ टीम के बीच खेला गया था। इसमें तमिलनाडु ने उत्तरप्रदेश की टीम को 3-0 से हराया। उद्घाटन मैच की शुरुआत के साथ ही तमिलनाडु पुलिस टीम के जर्सी नं. 7 गणेश मैथ्यू ने पहला गोल कर 1-0 से बढ़त बनाई। तमिलनाडु पुलिस टीम शुरुआत से ही मऊ टीम पर भारी रही।
दूसरा गोल जर्सी नं. 28 ने किया। फर्स्ट हाफ से पहले तमिलनाडु पुलिस ने 3-0 से बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर पाई। प्रतियोगिता में मैच कमिश्नर अनिल कचेर चिरमिरी, रेफरी संतन अग्रवाल जगदलपुर, पप्पू कुमार चरचा, चंदन बेहरा चिरमिरी, आशीष तिवारी बिलासपुर ने मैच संपन्न कराया।



.jpeg)




.jpg)
.jpg)


