कोलकाता को 2-0 से हराकर दिल्ली क्वार्टर फाइनल में, पठानकोट को 2-1 से मिली जीत

अंकित अग्रवाल | चरचा कॉलरी 

कोलकाता टीम ने किया फाउल, दिल्ली को मिली बढ़त 

कोरिया जिले के चरचा कॉलरी महाजन स्टेडियम में चल रहे 48वें ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में आठवें दिन शनिवार को दो मैच खेले गए। पहला मैच मथुआ मिलन बीती क्लब कोलकाता और दिल्ली एफसी के बीच दोपहर 1.20 बजे शुरू हुआ। शुरुआत से ही दोनों टीमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक दूसरे पर हावी रहीं। हाफ टाइम से 8 मिनट पहले कोलकाता टीम ने फाउल किया। जिससे दिल्ली एफसी को सुनहरा अवसर मिला और पेनल्टी शूटआउट में दिल्ली के खिलाड़ी जर्सी नंबर 9 अनुज ने गोल कर 1-0 से बढ़त बनाई। 




15 मिनट हाफ ब्रेक के बाद मैच 2.28 पर शुरू हुई। कोलकाता गोल करने का प्रयास करती रही पर दिल्ली टीम ने गोल करने का माैका नही दिया। हाफ टाइम के बाद दिल्ली के खिलाड़ी जर्सी नंबर 18 वीर ने शानदार गोल करते हुए टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। इसी के साथ दिल्ली ने कोलकाता को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिल्ली के खिलाड़ी जर्सी नंबर 18 वीर को दिया गया। दूसरा मैच व तीसरा क्वार्टर फाइनल एसटीएफसी पठानकोट और एलएनआईपी ग्वालियर मध्यप्रदेश के बीच खेला गया। 



मैच शुरू होने के साथ पहले 8 मिनट में ही पठानकोट टीम के खिलाड़ी जर्सी नंबर 12 आबिद हुसैन ने शानदार गोल कर 1-0 से बढ़त बनाई। वहीं कुछ ही मिनट में ग्वालियर टीम को गोल करने अच्छा मौका मिला पर बॉल गोल पोस्ट के खंभे से टकराकर बाहर चली गई। ग्वालियर टीम गोल करने के लिए लगातार अटैक करती रही पर गोल नहीं कर पाई। मैच के दौरान पठानकोट टीम के खिलाड़ियों को निर्णायक द्वारा कई बार समझाइस के लिए यलो कार्ड जारी किया गया। हाफ टाइम तक पठानकोट 1-0 से बढ़त पर रही। ब्रेक के बाद शुरूआती 10 मिनट में ही पठानकोट टीम के खिलाड़ी जर्सी नंबर 38 ने गोल कर 2-0 से बढ़त बनाई। दोनों ही टीमों का खेल देखकर दर्शक उत्साहित रहे। मैच समाप्त होने के 5 मिनट पहले ग्वालियर टीम के खिलाड़ी जर्सी नंबर 77 अर्चित ने गोल कर मैच को 1-2 में लाकर खड़ा कर दिया और पठानकोट टीम 2-1 से मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची। 



मैन ऑफ द मैच पठानकोट टीम के जर्सी नंबर 12 आबिद हुसैन को ट्रेड यूनियन पदाधिकारियों के हाथों दिया गया। मैच के मुख्य निर्णायक विजय आनंद, पप्पू कुमार, चंदन बेहरा, विशाल प्रजापति, मैच कमिश्नर अनिल कचेर रहे। प्रतियोगिता के अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक जितेन्द्र कुमार, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, संदीप कुमार, सचिव डॉ अशोक बिराजी, सह सचिव एमएच खान, अशोक निर्मलकर, मोहम्मद रियाज शामिल रहे। रविवार को चौथा क्वार्टर फाइनल मैच दोपहर 3.30 बजे से एमआईजी बैंगलोर कर्नाटक और दिल्ली एफसी के बीच खेला जाएगा।


ट्रेड यूनियन ने दिया मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार



To Top