कोरिया जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती महिला बंदी देर रात फरार हो गई। हालांकि पुलिस ने महिला को ग्राम पंचायत पटना से पकड़ लिया है। बताते चलें कि 23 वर्षीय सावित्री राजवाड़े ने 8 साल की सौतेली बेटी आशी की हत्या की थी। बच्ची का शव 10 नवंबर को घर से दूर कुएं में मिला था। डेढ़ महीने बाद सावित्री ने बच्ची की हत्या का जुर्म स्वीकार करते हुए खुद को पुलिस के हवाले किया था।
![]() |
| महिला वार्ड के गैलरी में भर्ती थी महिला बंदी |
पुलिस व जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार जिला जेल बैकुंठपुर में बंद महिला बंदी 3 माह के गर्भ से थी। जिसे ब्लीडिंग की समस्या होने पर 18 जनवरी की सुबह 11.46 पर जिला अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती किया गया था। इलाज के लिए भर्ती हुई महिला 26-27 जनवरी की दरमियानी रात यहां मौजूद 2 जेल प्रहरी को चकमा देकर फरार हो गई, जिसकी सूचना पर पुलिस ने पटना थाना क्षेत्र से महिला को पकड़ा। बता दें कि केनापारा की रहने वाली महिला बंदी ने 8 साल की सौतेली बेटी की हत्या की थी। वहीं हत्या के करीब डेढ़ महीने बाद जुर्म स्वीकार करते हुए खुद को पुलिस के हवाले किया था।
![]() |
| ग्राम केनापारा में कुएं में मिला था बच्ची का शव |
अस्पताल प्रशासन के अनुसार शुक्रवार रात 9 बजे तक महिला वार्ड में ही थी। देर रात मौका देखकर महिला जेल प्रहरियों व अस्पताल स्टाफ को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गई। पुलिस ने महिला की खोज शुरू की। डीएसपी कविता ठाकुर के अनुसार महिला को पटना थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर के पास से पकड़ा गया। पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
![]() |
| बेटी आशी |
महिला ने पति के साथ झगड़े के कारण बच्ची की हत्या की थी। रात 3 बजे सावित्री बच्ची को लेकर घर से दूर खेत गई थी, जहां महिला ने बच्ची को कुंए में धक्का दे दिया और घर आकर सो गई। बच्ची की खोज शुरू हुई तो कुएं में बच्ची का चप्पल देख पिता परमेश्वर राजवाड़े ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सुबह 6 बजे ग्रामीणों ने शव को कुएं से रस्सी के सहारे बांधकर लटकाया और पुलिस को सूचना दी।
सावित्री परमेश्वर की दूसरी पत्नी व आशी की सौतेली मां है। पहली पत्नी शकुंतला और बड़ी बेटी खुशबु की मौत एक साल पहले घर में करंट लगने से हुईं थीं। घर के बाहर बने दुकान के लोहे के गेट में करंट आने से मां बेटी की मौत हो गई थी। वहीं परमेश्वर का 12 साल का बेटा बुआ के साथ ग्राम कटोरा में रहकर पढ़ाई कर रहा है।



.jpeg)
