![]() |
| शासकीय लाहिड़ी कॉलेज का 7 दिवसीय शिविर ग्राम दुबछोला में शुरू हुआ |
शासकीय लाहिड़ी पीजी कॉलेज चिरमिरी की राष्ट्रीय सेवा योजना का 7 दिवसीय आवासीय शिविर शनिवार को दुबछोला के शासकीय हाई स्कूल में शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री व मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल रहे। इस अवसर पर स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का आवासीय शिविर प्रत्येक स्वयं सेवक के जीवन का महत्वपूर्ण समय होता है।
आवासीय शिविर में आकर छात्र-छात्राएं अनुशासन और स्वावलंबन का पाठ पढ़ते हैं जो उनके जीवन के लिए उपयोगी रहता है। कैबिनेट मंत्री ने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एकाग्रता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के 7 दिवसीय आवासीय शिविर में रहकर सभी स्वयं सेवक ग्राम संपर्क कर यहां की जीवन शैली को समझ सकेंगे। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन के महाविद्यालयीन अनुभव को छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया। इससे पूर्व उपस्थित अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राम किंकर पाण्डेय ने किया।
कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और अन्य अतिथियों का स्वागत उद्बोधन करते हुए प्राचार्य ने कहा कि यह हमारे महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण है कि इसी महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे श्याम बिहारी जायसवाल आज हमारे बीच कैबिनेट मंत्री के रूप में उपस्थित हैं। उन्हें अपने बीच पाकर हम सभी हर्षित और उल्लसित हैं। हमारे स्वयं सेवक निश्चित रूप से उनसे प्रेरणा लेंगे। उन्होंने सभी स्वयं सेवकों को गरिमापूर्ण आचरण की सलाह दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में दुबछोला ग्राम पंचायत के सरपंच हरि सिंह, चिरमिरी के पूर्व महापौर डम्बरु बेहरा, प्रेमकांत झा, रघुनंदन यादव, धनंजय पाण्डेय, अरुणोदय पाण्डेय आदि उपस्थित रहे। शिविर की प्रस्तावना और रुपरेखा कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र कुमार और प्रेमा कुजूर ने प्रस्तुत की। वरिष्ठ स्वयं सेवक प्रिंस कुमार सिंह ने लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया जबकि शीतल ने राजगीत का गायन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन दुर्गेश चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ और ग्रामीण उपस्थित रहे।



.jpeg)
.jpeg)