श्री श्री जगन्नाथ मंदिर चिरमिरी में अक्षय तृतीया पर रथ अनुकूल, 20 अप्रैल से चंदन यात्रा शुरू, श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

 चिरमिरी (जितेंद्र मिश्रा)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्री श्री जगन्नाथ सेवा संघ द्वारा भगवान जगन्नाथ महाप्रभु के पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान रथ अनुकूल एवं चंदन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।


संघ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को प्रातः 8 बजे रथ अनुकूल कार्यक्रम संपन्न होगा, जिसके साथ ही आगामी रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ माना जाएगा।

इसके पश्चात 20 अप्रैल 2026 से प्रतिदिन संध्या 6 बजे चंदन यात्रा के अंतर्गत भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की परिक्रमा निकाली जाएगी। यह धार्मिक आयोजन लगातार जारी रहेगा तथा 10 मई 2026 को इसका समापन किया जाएगा।


संघ ने समस्त श्रद्धालुओं, जगन्नाथ प्रेमियों एवं कीर्तन मंडलियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। पदाधिकारियों के अनुसार चंदन यात्रा भगवान जगन्नाथ के प्रमुख पारंपरिक उत्सवों में से एक है, जिसे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाता है।


मंदिर परिसर में आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

To Top