Photos डीएवी के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुति, देखें तस्वीरें


चिरमिरी के डीएवी पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव मनाया गया। कक्षा पहली व दूसरी के बच्चों ने फीफा गान की लय पर डांस की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं एलकेजी व यूकेजी के नन्हें बच्चों ने डांस की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। क्लासिकल फ्यूजन ग्रुप ने अनेकता में एकता को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न अनोखी धुनों पर गीत प्रस्तुत किया। वहीं म्यूजिकल बैले ग्रुप की शानदार प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।  





वर्तमान परिवेश में अभिभावकों और बच्चों के बीच समय न होने के कारण दूरी बनती जा रही है, इस समस्या को बच्चों ने अंग्रेजी नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों के कंधों पर बस्तों के बढ़ रहे बोझ की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए हिंदी नाटक की प्रस्तुति दी गई। कक्षा तीसरी से पांचवी के बच्चों ने मणिपुर, गोवा, छत्तीसगढ़ व केरला की समूह नृत्य की प्रस्तुति दी। मेरी जान जाए, वतन के लिए देशभक्ति पर कव्वाली को भी दर्शकों ने खूब सराहा। भगवान श्रीराम के जीवन की अनुपम कथाओं को दर्शाती हुई नृत्य नाटिका ने दर्शकों भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती की वंदना के माध्यम से देवी सरस्वती के दिव्य आह्वान के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के महाप्रबंधक नवनीत श्रीवास्तव, संपदा महिला समिति अध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव रहे। प्राचार्य एसके पाण्डेय ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को पौधे देकर उनका सम्मान करते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। 





प्राचार्य ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि नवनीत श्रीवास्तव ने विद्यालय की पत्रिका आकांक्षा का विमोचन किया। महाप्रबंधक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में डीएवी पब्लिक स्कूल निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है और यह हमारे लिए गर्व का विषय है। आभार प्रदर्शन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बीआर पंडा ने किया। संचालन शिक्षक वीरेंद्र देवांगन, राजिब मुखर्जी, विद्यार्थी शुभोदीप, श्रेयांश व भूमिका ने किया। कार्यक्रम विद्यालय के संगीत शिक्षक दीपांकर चक्रवर्ती व सांस्कृतिक कार्यक्रम के इंचार्ज ओपी कटरे के देखरेख में हुआ। वार्षिकोत्सव में बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन व परिश्रम की सराहना करते हुए महाप्रबंधक श्रीवास्तव ने बच्चों के लिए 20 हजार रुपए के पुरस्कार की घोषणा की। 




To Top