दुर्ग जिले में एक महिला की मौत के बाद उसकी छोटी बहन ने खाते से रुपए उड़ा लिए। आरोपी महिला ने एक लाख एक हजार एक रुपए अपने बेटे के खाते में ट्रांसफर किए। मृत महिला के पति की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी महिला व उसके बेटे के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत जुर्म दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार हुडको भिलाई के 55 वर्षीय अरुण चक्रवर्ती की पत्नी अर्चना चक्रवर्ती की मृत्यु 23 जुलाई 2023 को कैंसर से हो गई थी। अरुण की पत्नी अर्चना का केनरा बैंक सेक्टर 06 भिलाई में खाता था। बीमारी के समय जब अर्चना का इलाज चल रहा था तब उसका मोबाइल उसकी मां के पास था। अर्चना का मोबाइल नंबर उसके बैंक के खाते से लिंक था। पुलिस ने बताया कि वंदना मिश्रा पीड़ित अरुण चक्रवर्ती की साली है। पत्नी की मृत्यु के बाद वंदना ने अर्चना के खाते से 16 जुलाई 2023 से 19 जुलाई 2023 तक यूपीआई के माध्यम से 1 लाख 1 हजार 1 रुपए निकाला और अपने व अपने बेटे रजत मिश्रा के खाते में ट्रांसफर कर दिया। आरोपी वंदना ने 16 जुलाई 2023 को पहले 1 रुपए, फिर 15-15 हजार रुपए दो बार इसके बाद 17 जुलाई 2023 को 30 हजार रुपए, 18 जुलाई 2023 को 1 हजार रुपए, 19 जुलाई 2023 को 40 हजार रुपए यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर किए।
कुल मिलाकर अर्चना की मृत्यु के बाद उनके खाते से कुल 1 लाख 1 हजार 1 रुपए वंदना ने निकालकर अपने व अपने बेटे के खाते में ट्रांसफर करवाया। पीड़ित ने मामले की शिकायत आईजी और एसपी से की है। जिसमें उसने बताया है कि वह सात महीने से थाना का चक्कर लगा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने वंदना मिश्रा व उसके बेटे रजत मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।


.jpg)