सड़क बनाए बगैर सरपंच, सचिव ने खाते से निकाले 8.65 लाख रुपए

नरेश यादव | पटना 


कोरिया जिले के जनपद पंचायत बैकुंठपुर में ग्राम पंचायत कटोरा सहित आसपास के पंचायतों में निर्माण शुरू हुए बिना ही राशि निकाल ली गई है। ग्राम पंचायत तरगंवा के ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग से राजेश के घर तक और अनिल के घर से श्याम लाल के घर तक कच्चे मार्ग को कांक्रीट सड़क बनाना था। इन दोनों सड़क की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन सहित दो साल पहले जनपद उपाध्यक्ष आशा साहू से की थी।




मांग को गंभीरता से लेते हुए जनपद उपाध्यक्ष ने प्रयास किया और दो साल पहले दोनों सड़क स्वीकृति हुई, लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों ने बिना काम कराए ही निर्माण कार्य की राशि सरकारी खाते से निकाल ली। जनपद सदस्य आशा साहू ने बताया कि मेन रोड से राजेश के घर तक डीएमएफ से वर्ष 2022-23 में सड़क की स्वीकृति हुई थी, लेकिन सड़क का निर्माण शुरू हुए बिना ही पहली किस्त के 6 लाख 17 हजार 600 रुपए  पंचायत द्वारा 20 जनवरी 2023 को आहरण कर लिया गया। इसी तरह अनिल के घर से श्यामलाल के घर की ओर जाने वाली कच्ची सड़क को कांक्रीट सड़क बनाने की मंजूरी वर्ष 2022-2023 को स्वीकृत हुई थी। सड़क विधायक मद से बनना था। इस सड़क की भी पहली किस्त की राशि 2 लाख 48 हजार रुपए पंचायत द्वारा 6 जून 2023 को निकाल लिया गया। 





इन दोनों सड़क में निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है और रुपए का आहरण हो गया। जिसकी जानकारी जनपद पंचायत उपाध्यक्ष आशा साहू को मिली तो उन्होंने बीते 16 फरवरी को जनपद पंचायत बैकुंठपुर के सीईओ को पत्र लिख कर जांच करते हुए अविलंब सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग की है।


To Top