अंकित अग्रवाल | चरचा कॉलरी
कोरिया जिले के चरचा महाजन स्टेडियम में चल रहे 48वें ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल में 10वें दिन सोमवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में डाउन टाउन हीरोज कश्मीर ने तमिलनाडु पुलिस को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार को दूसरा सेमी फाइनल मैच पठानकोट पंजाब और दिल्ली एफसी के बीच खेला जाएगा। इसमें विजेता टीम के साथ कश्मीर का मुकाबला होगा।
बता दें कि हाफ टाइम से 3 मिनट पहले कश्मीर टीम के खिलाड़ी जर्सी नंबर 11 मोइन भट्ट ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हाफ टाइम तक कश्मीर 1-0 से बढ़त बनाए हुए थी। सेकंड हाफ में दोनों टीमों ने गोल का प्रयास किए पर सफल नहीं हुए। इस तरह से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार कश्मीर के खिलाड़ी जर्सी नंबर 11 मोइन भट्ट को अतिथियों ने दिया। मैच के दौरान तमिलनाडु पुलिस को गोल का मौका मिला पर बॉल गोलपोस्ट से ऊपर से पार हो गया। इसी तरह कश्मीर की टीम को दो बार काॅर्नर मारकर गोल करने का मौका मिला पर टीम सफल नहीं हुई। इससे पहले 9वें दिन रविवार को चौथा क्वार्टर फाइनल दिल्ली एफसी और एमईजी बैंगलोर कर्नाटक के बीच खेला गया था। इसमें दिल्ली 2-0 से जीतकर सेमी फाइनल में पहुंची।
कोलकाता टीम के फाउल से दिल्ली को फायदा
आठवें दिन शनिवार को दो मैच खेले गए। पहला मैच मथुआ मिलन बीती क्लब कोलकाता और दिल्ली एफसी के बीच हुआ। इसमें हाफ टाइम से 8 मिनट पहले कोलकाता टीम ने फाउल किया। जिससे दिल्ली एफसी को सुनहरा अवसर मिला और पेनल्टी शूटआउट में दिल्ली के खिलाड़ी जर्सी नंबर 9 अनुज ने गोल कर 1-0 से बढ़त बनाई। हाफ टाइम के बाद दिल्ली के खिलाड़ी जर्सी नंबर 18 वीर ने शानदार गोल करते हुए टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। इसी के साथ दिल्ली ने कोलकाता को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची। दूसरा मैच व तीसरा क्वार्टर फाइनल एसटीएफसी पठानकोट और एलएनआईपी ग्वालियर मध्यप्रदेश के बीच खेला गया। इसमें पठानकोट 2-1 से मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची।
कश्मीर 2-0 से जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची थी
7वें दिन शुक्रवार को दूसरा क्वार्टर फाइनल कश्मीर और लुधियाना पंजाब के बीच हुआ। कश्मीर ने 21 मिनट में पहला गोल किया। हाफ टाइम के 29 मिनट बाद दूसरा गोल हुआ। जिससे 2-0 से बढ़त मिली। इसी के साथ मैच 2-0 से समाप्त हुआ और कश्मीर ने 2 गोल से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।

.jpeg)


