- स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से 220 बिस्तर सिविल अस्पताल को मिली आधुनिक तकनीक की सौगात।
- हाई रिजॉल्यूशन सोनोग्राफी मशीन से गर्भवती महिलाओं की जांच, मातृत्व स्वास्थ्य की निगरानी और उपचार को मिलेगी नई गति
चिरमिरी/ एमसीबी (जितेंद्र मिश्रा)। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को आधुनिक चिकित्सा तकनीक का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने एक और पहल की है। उनका मानना है कि समय के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा उपकरणों का उन्नयन जरूरी है। इसी सोच के साथ मनेन्द्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर सिविल अस्पताल में आधुनिक हाई रिजॉल्यूशन सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराई गई है। इससे विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के मातृत्व स्वास्थ्य की जांच एवं निगरानी में सहायता मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री की इस पहल से अस्पताल में सोनोग्राफी जांच की सुविधा और बेहतर होने की उम्मीद है। आधुनिक तकनीक से लैस इस मशीन के माध्यम से चिकित्सकों को गर्भस्थ शिशु की स्थिति, विकास एवं गर्भावस्था से संबंधित आवश्यक चिकित्सकीय पहलुओं के आकलन में मदद मिलेगी। इससे गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, संभावित जटिलताओं की पहचान और आवश्यकता के अनुसार उपचार संबंधी निर्णय लेने में सुविधा होगी।
मातृत्व स्वास्थ्य को प्राथमिकता
मातृत्व स्वास्थ्य किसी भी बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच और समय पर सोनोग्राफी से मां एवं गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की निगरानी की जा सकती है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से अस्पताल पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं को बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। आधुनिक मशीन की उपलब्धता से अस्पताल के चिकित्सकों को जांच प्रक्रिया में तकनीकी सहयोग मिलेगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पीसीपीएनडीटी के तहत मिला पंजीयन
अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा के संचालन को लेकर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के सक्षम प्राधिकारी द्वारा पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत पंजीयन प्रमाणपत्र भी जारी किया गया है। प्रमाणपत्र के अनुसार सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ स्थित अल्ट्रासाउंड क्लीनिक को गैर-आक्रामक अल्ट्रासोनोग्राफी की अनुमति प्रदान की गई है। इसका पंजीयन क्रमांक MCB1007 है तथा प्रमाणपत्र की वैधता 20 जनवरी 2031 तक निर्धारित है। प्रमाणपत्र में Wipro GE की Versana Essential तथा BPL Medical Technologies की मशीनों का उल्लेख किया गया है।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक और कदम
मनेन्द्रगढ़ के 220 बिस्तर सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के विस्तार के साथ आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की इस पहल से अस्पताल में आधुनिक सोनोग्राफी सुविधा का विस्तार होगा और मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसका लाभ मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को मिल सकेगा।

