चिरमिरी (जितेंद्र मिश्रा)। भाजपा चिरमिरी मंडल महामंत्री धर्मेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वार्ड क्रमांक 18 में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा में वार्ड के समस्त नागरिकों, बूथ समिति के सदस्यों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय एवं देशभक्ति के नारों के साथ वार्ड के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। तिरंगे के साथ निकली यात्रा से पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा चिरमिरी मंडल महामंत्री धर्मेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया। यात्रा में शामिल वार्डवासियों एवं बूथ समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला।




