अनियंत्रित पिकअप पलटने से बाल बाल बचे पिकअप में सवार तीस मजदूर

 


पटना / बैकुण्ठपुर। पिकअप में 30 मजदूरों को जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर की ओर लाते समय चेर में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें 2 महिलाओं को हल्की चोट लगी , घटना समतल स्थान पर हुआ नहीं तो कवर्धा जैसी घटना कोरिया जिले में हो जाती।


बता दें कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद पिकअप व छोटा हाथी जैसे मालवाहक वाहन में ग्रामीणों को भेड़-बकरियों की तरह ढोया जाता है। और इस तरह से लापरवाही पूर्वक लोगों को पिकअप में भरकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के दौरान होने वाले हादसों से भी लोग सीख नहीं ले रहे हैं। इस तरह से लोगों को भरकर कई वाहन जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर, पटना सहित ग्रामीण क्षेत्रों में चौक-चौराहों से होकर आसानी से गुजर जाते हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारी भी इन पर कार्रवाई नहीं करते हैं जिस वजह से पिकअप वाहनों में इस तरह से लोगों को भेड़ बकरियों की तरह बैठाकर परिवहन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार को इसी तरह से खडग़वां ब्लॉक के ग्राम पंचायत सोंस से पिकअप क्रमांक यूपी 64 बीटी 8269 में 30 से अधिक महिला-पुरुष व युवतियों को बैठाकर तेज रफ्तार पिकअप जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर की ओर आ रही थी की अनियंत्रित ग्राम चेर में होकरपलट गई। हादसे में हालांकि सिर्फ 2 महिलाओं को हल्की चोटें आई है। पिकअप में सवार सभी महिला पुरुष व युवतियां मजदूरी करने बैकुंठपुर के लिए निकले थे। इस दौरान पिकअप चालक ने चेकिंग और कार्रवाई के डर से मुख्य सडक़ से किनारे हटकर शहर प्रवेश करने की कोशिश की और अनियंत्रित होकर पिकअप खेत मे पलट गई। 
ट्रैफिक पुलिस ने की कार्यवाही -  कवर्धा पिकअप हादसे में 19 ग्रामीणों की मौत के बाद कोरिया में परिवहन, पुलिस टीम ने करीब 44 पिकअप की जांच कर चुकी है। इस दौरान सवारी बैठाने वाली 19 पिकअप पर 21 हजार 500 रुपए जुर्माना लगा चुकी है। डीटीओ अनिल भगत के नेतृत्व में 40 पिकअप की जांच में 15 पिकअप पर सवारी बैठाने पर 9 हजार 500 रुपए जुर्माना लगाया गया है। साथ ही अन्य पिकअप चालक को सवारी नहीं बैठाने सख्त हिदायत दी गई है। वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस ने चार पिकअप को पकड़ी और ओवरलोडिंग पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। बावजूद जिले में पिकअप से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के आने-जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसमें महिलाएं और बच्चे भी पिकअप में सवार होते हैं। हालांकि पुलिस-परिवहन टीम ने सवारी बैठाने वाली पिकअप पर लगातार कार्रवाई करने बात कह रही है।
To Top