बैकुंठपुर के झुमका बांध में शिकारा व हाउस बोट की सुविधा पर्यटकों को मिलेगी। कोरिया जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग ने झुमका को पर्यटन के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। करीब 3 करोड़ से ये बोट लाए जाएंगे। झुमका बांध को पर्यटन के नक्शे में शामिल करने व यहां जरूरी सुविधाएं जुटाने छत्तीसगढ़ सरकार व जिला प्रशासन कोरिया लंबे समय से प्रयास कर रहा है।
झुमका में पहले कोलकाता से स्पीड बोट, जेट स्की मंगाई गई थी। वहीं बांध के तट को समुद्र बीज की तरह विकसित किया जा रहा है। सांसद ज्योत्सना महंत के अनुसार कोरिया का झुमका बांध जल्द ही पर्यटन के नक्शे में शामिल होने जा रहा है। झुमका को पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार ने अनेक कार्य योजना तैयार की है जिससे अन्य राज्य से भी पर्यटक झुमका बांध पहुंच सके।
350 हेक्टेयर में फैले झुमका बांध को देखने यहां पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। इससे पहले यहां झुमका महोत्सव का आयोजन कर कोरिया समेत पड़ोसी शहर अंबिकापुर का ध्यान इस ओर खींचा गया था। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यहां दो बार पहुंच चुके हैं। बांध के बीच पर्यटकों के लिए सुंदर आईलैंड तैयार किया गया है। जिसे देखने जिले सहित आसपास के हजारों पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के बताया कि हाउस बोट व शिकारा बोट आने से छत्तीसगढ़ व देश के पर्यटक भी यहां बड़ी संख्या में आएंगे। बांस से बने रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए खेल मैदान, आइलैंड, पैडल, मोटर बोट अन्य सुविधाएं लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। दूसरी ओर कोरिया से अलग हुए मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में भी पर्यटन क्षेत्र को निखारने का काम किया जा रहा है। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों के विकास व पर्यटकों के लिए सुविधाओं की बढ़ोतरी के साथ अनछुए पर्यटन स्थलों को उभारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फोटो : उज्जवल गुप्ता




