9 साल की उम्र में योग में पारंगत, आप भी हैरान रह जाएंगे नन्हें योगी को देखकर!


9 साल की छोटी सी उम्र में चिरमिरी के गोदरीपारा का अनुराग योग गुरु बन गया है। वह युवाओं से लेकर 70 साल तक के बुजुर्गों को योग सिखा रहा है। इतना ही नहीं, सरकारी स्कूल में हुए योग प्रशिक्षण में इस नन्हें योग गुरू ने योग शिविर में विद्यार्थियों को योग सिखाया। अनुराग की योग क्रियाएं देख लोग अचंभित रह जाते हैं। 



रोज सुबह 4.30 बजे उठकर वह पिता के साथ गोदरीपारा के नागेश्वर काली मंदिर में युवा, बुजुर्ग समेत महिलाओं को योग करवा रहा है। अनुराग ने पांच साल की उम्र से ही योग की शिक्षा लेना शुरू कर दिया था। पिता अरूण वर्मा पहले से योग प्रशिक्षण देते हैं जिसका फायदा बच्चे को मिला और उसकी प्रतिभा में निखार आया। 



पिता को योग करता देख उसके मन में योग के प्रति रुझान आ गया था और कुछ समय बाद ही अनुराग योग गुरु बन गया। आसन कितना भी कठिन क्यों न हो अनुराग उसे बड़े आराम से कर लेता है। इस उम्र में उसे न तो मोबाइल गेम का शौक है न टीवी का। शरीर इतना लचीला कि कठिन से कठिन योग वह आसानी से कर लेता है। 



ऐसा लगता है जैसे वर्षों अभ्यास करने वाला योगी योग कर रहा है। कौन सा योग, शरीर के किस अंग के लिए उपयोगी है, इस बारे में भी अनुराग को बारीकी से जानकारी है। पिता सरकारी स्कूल धरमपुर में हेडमास्टर हैं। अनुराग भी उसी सरकारी स्कूल में पढ़ता है। कई सरकारी कार्यक्रमों में भी पिता पुत्र योग का प्रशिक्षण दे चुके हैं। 



पिता अरुण वर्मा ने बताया कि अनुराग सूर्यनमस्कार, ताड़ासन, पश्चिमोत्तासन, भुजंगासन, ध्रुवासन, मयूर आसन, सिर्स आसन, स्वांग, बका आसन, वृक्षासन समेत अन्य सभी तरह के प्राणायाम आसन आसानी से कर लेता है। सरकारी स्कूलों में बच्चों को वह योग का प्रशिक्षण भी देता है। पांच साल की उम्र से योग सीखने की शुरुआत के साथ ही उसमें आत्मविश्वास बढ़ने लगा। इस नन्हें योगी को देखकर हर कोई हैरान रह जाता है।




फोटो - EDITOR DESK 





To Top